नयी दिल्ली, सात अगस्त कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि अगर किसी देश की महिलाएं अपनी बात खुलकर नहीं रखतीं, तो वह देश सफल नहीं हो सकता और उसका विकास रुक जाता है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि महिलाओं को संवाद में वापस लाना और उन्हें वह करने देना ज़रूरी है जो वे करना चाहती हैं। गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपने वीडियो में कहा, ‘‘मेरे हिसाब से, कोई भी देश तब तक सफल नहीं हो सकता जब तक वहां की महिलाएं अपनी बात खुलकर न कह पाएं।
मुझे लगता है कि मेरी राजनीति का एक बड़ा हिस्सा, और इस देश में राजनीति कैसी होनी चाहिए, इसका एक बड़ा हिस्सा इसी बात को समझाने में है कि महिलाओं की आवाज़ के बिना हमारा देश अधूरा एवं पिछड़ा हुआ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं को जीवन के हर क्षेत्र में बराबरी का स्थान मिलना चाहिए। बल्कि, मेरा मानना है कि उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में बराबरी से भी ज़्यादा स्थान मिलना चाहिए।
