भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता असम में सरकार के गठन की प्रक्रिया को लेकर रविवार सुबह इस पूर्वोत्तर राज्य के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में राज्यपाल के साथ बैठक लोक भवन में पूर्वाह्न 11 बजकर करीब 15 मिनट पर निर्धारित है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘नयी सरकार के गठन से संबंधित मामलों पर चर्चा की जाएगी।’’
राज्य में राजग द्वारा सरकार बनाने का दावा पेश करने की उम्मीद है और असम गण परिषद (अगप) तथा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) इसके घटक दल हैं।
असम विधानसभा चुनावों में राजग ने दो-तिहाई बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की है।
यहां 126-विधानसभा सीट में से भाजपा ने 82 सीट जीतीं, जबकि सहयोगी दलों- अगप और बीपीएफ ने 10-10 सीट हासिल कीं।
भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल से मुलाकात से पहले भाजपा और उसके सहयोगी दलों के विधायक सुबह यहां बैठक करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के विधायक रविवार सुबह अटल बिहारी वाजपेयी भवन में बैठक करेंगे और विधायक दल के नए नेता का चुनाव करेंगे। केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी क्रमशः केंद्रीय पर्यवेक्षक तथा सह-पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगे।”
अपने नवनिर्वाचित विधायकों की पहले ही बैठक कर चुकी अगप ने मुख्यमंत्री पद के लिए हिमंत विश्व शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा था।
