भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर ने टी20 विश्व कप में अभिषेक शर्मा की वापसी की सराहना की है, लेकिन उनके बल्लेबाजी के नए अंदाज ने पूर्व कप्तान को अचंभे में डाल दिया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच में अभिषेक की 55 रनों की पारी ने न केवल भारत को जीत दिलाई, बल्कि आलोचकों को भी करारा जवाब दिया है। अभिषेक इस टूर्नामेंट के दौरान अस्वस्थ भी रहे और तीन मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए। उन्होंने हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की 72 रन की जीत में 30 गेंदों में 55 रन बनाकर फॉर्म में वापसी का संकेत दिया।
गावस्कर ने जियोस्टार सेकहा, ‘‘हम जानते हैं कि अभिषेक शर्मा कितने अच्छे बल्लेबाज।
जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन की इस पारी से उन्होंने अपने आलोचकों को चुप करा दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अभिषेक ने अपना स्वाभाविक खेल खेलने से पहले कुछ समय लिया। उनकी बल्लेबाजी में एक तरीका था। उन्होंने ऑफ स्पिनर का सम्मान किया, किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया तथा शांत और संयमित तरीके से खेले।’’
गावस्कर ने कहा, ‘‘इस मैच में उन्होंने वास्तव में रक्षात्मक शॉट खेले। उन्होंने कुछ गेंद को रोका भी। मुझे यह देखकर हैरानी हुई क्योंकि हम आमतौर पर अभिषेक को ऐसा करते नहीं देखते हैं।’’
इस दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि अभिषेक के लिए यह एक सीखने का दौर है।
गावस्कर ने कहा, ‘‘मुझे सच में लगता है कि यह उसके लिए सीखने का एक अच्छा मौका है। हर क्रिकेटर लगातार दो मैचों में रन न बना पाने के दौर से गुजरता है। बात सिर्फ इतनी है कि आप इससे कितना सीखते हैं। मुझे लगता है कि अभिषेक ने बहुत कुछ सीखा है और यह उसके लिए कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले में अच्छा साबित होगा।’’
इसे भी पढ़ें: ‘माँ बनने के लिए शादी ज़रूरी नहीं’, Daisy Shah ने Egg Freezing कराई, कहा- अपनी शर्तों पर चाहिए मातृत्व
गावस्कर ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करारी हार के बाद भारतीय टीम ने जल्द ही सबक लिया तथा दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाजी संयोजन को सुनिश्चित करने के लिए संजू सैमसन को शीर्ष क्रम में वापस लेकर आया।
उन्होंने कहा, ‘‘कहते हैं कि जब तक कोई चीज खराब ना हो तो उसे ठीक करने की क्या जरूरत है। लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत बुरी तरह हार गया था। इससे उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें शीर्ष क्रम में दाएं-बाएं हाथ के बल्लेबाजों के संयोजन की जरूरत है। पिछले मैच से सबक लेना बहुत महत्वपूर्ण था।’’
इसे भी पढ़ें: 55 सैनिक ढेर, 19 पोस्ट तबाह, JF-17 को मार गिराया, तालिबान ने पाकिस्तान को जबरदस्त ठोका
गावस्कर ने कहा कि रविवार को कोलकाता में होने वाले एक तरह के नॉकआउट मुकाबले में भारत को वेस्टइंडीज की आक्रामक बल्लेबाजी से सावधान रहना होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘वेस्टइंडीज अलग तरह की चुनौती है। उन्हें हल्के में नहीं लिया जा सकता। उनके बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं। उनके गेंदबाज भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वे विपक्षी टीम की गलतियों का फायदा उठाते हैं और सही समय पर विकेट लेते हैं। वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों से निपटने के लिए भारत को अच्छी रणनीति बनानी होगी।
