वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों और प्रमुख आर्थिक आंकड़ों के आने से पहले भारतीय शेयर बाजार बृहस्पतिवार को लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुए। दिन भर चले भारी उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स में मामूली गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी हल्की बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा। सेंसेक्स में 27 अंक की गिरावट रही जबकि निफ्टी में 14 अंक की बढ़त दर्ज की गई।
कारोबारियों ने कहा कि एचडीएफसी बैंक एवं कुछ अन्य प्रमुख कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से सूचकांकों पर दबाव बना। इसके अलावा अमेरिका-ईरान वार्ता के पहले निवेशकों ने सतर्कता भी दिखाई।
इसे भी पढ़ें: Flight Booking के 48 घंटे में Ticket Cancel करने पर No Extra Charge, DGCA ने जारी किए नए Rules
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 27.46 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 82,248.61 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 82,579.16 अंक के ऊपरी स्तर तक गया और 81,970.47 अंक के निचले स्तर तक आया। इस तरह सूचकांक में 608.69 अंकों का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 14.05 अंक या 0.06 प्रतिशत बढ़कर 25,496.55 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही।
दूसरी तरफ भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, मारुति और भारती एयरटेल के शेयरों में बढ़त रही।
विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता से पहले सतर्कता और प्रमुख आर्थिक आंकड़ों के इंतजार में निवेशकों ने मुनाफावसूली की।
इसे भी पढ़ें: US Financial Aid For Students: Stanford, Yale समेत ये 20 US Colleges दे रहे बंपर स्कॉलरशिप, देखें पूरी लिस्ट और करें Apply
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों और अमेरिका में बेरोजगारी दावों के आंकड़े एवं भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर के आंकड़े आने से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।’’
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,991.64 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,118.57 करोड़ रुपये की लिवाली की।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त में रहा जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में बंद हुए।
यूरोपीय बाजारों में ज्यादातर दोपहर के कारोबार में बढ़त में थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.95 प्रतिशत के नुकसान के साथ 70.18 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
बुधवार को सेंसेक्स 50.15 अंक चढ़कर 82,276.07 अंक और निफ्टी 57.85 अंक की बढ़त के साथ 25,482.50 अंक पर बंद हुआ था।
