पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर देकर नशे के खिलाफ लड़ाई में खेलों को सबसे प्रभावी हथियार बना रही है। सरकार का लक्ष्य युवाओं की ऊर्जा को नशे से दूर कर खेल और रचनात्मक गतिविधियों की ओर लगाना है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री ने धुरी में आधुनिक खेल परिसर की आधारशिला रखी और जहांगीर-केहरू में अत्याधुनिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान जनता को समर्पित किया।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेलों की टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें पूरे समर्पण के साथ अपने खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। मान ने कहा कि धूरी में 10 एकड़ क्षेत्र में 39.20 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक खेल परिसर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान और उसके साथ पवेलियन का निर्माण आठ करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हॉकी मैदान का काम पूरा हो चुका है और इसे जनता को समर्पित किया जा रहा है। परिसर की अन्य सुविधाओं का निर्माण भी तेजी से जारी है।’’
उन्होंने बताया कि नौ करोड़ रुपये की लागत से बहुउद्देश्यीय इनडोर खेल हॉल बनाया जा रहा है। इसका करीब 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे 31 मार्च, 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य है।
इसके अलावा पांच करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्विमिंग पूल (तरण ताल) और पवेलियन का निर्माण शुरू किया गया है। इसे 30 जून, 2027 तक पूरा करने की योजना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि खेल परिसर में 5.20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त लागत से विभिन्न खेल सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
इनमें दो बास्केटबॉल कोर्ट, दो वॉलीबॉल मैदान, दो बैडमिंटन कोर्ट, एक स्केटिंग रिंक, एक लॉन टेनिस कोर्ट और एक खो-खो कोर्ट शामिल हैं। इन सभी सुविधाओं का निर्माण 30 जून, 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मान ने धूरी के बरड़वाल स्थित देश भगत कॉलेज में 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 400 मीटर के सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब हमारे गांवों में ऐसे शानदार स्टेडियम और खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी तो युवा अपनी ऊर्जा का सही इस्तेमाल करेंगे और ओलंपिक तथा एशियाई खेलों में पंजाब और देश का नाम रोशन करेंगे। हमारी सरकार युवाओं के हाथों में नशे की जगह हॉकी स्टिक, बल्ले, रैकेट और पदक देखना चाहती है।’’
मान ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं और खेल तैयारियों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार और सरकारी नौकरियां भी दी जा रही हैं, ताकि उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिले।
