देश के शीर्ष चीनी उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में मिलों द्वारा पेराई जल्दी शुरू किए जाने से चालू पेराई सत्र 2026-27 में 15 नवंबर तक भारत का चीनी उत्पादन दोगुना से अधिक होकर 23.59 लाख टन पर पहुंच गया। उद्योग निकाय इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस्मा ने बताया कि एक साल पहले की समान अवधि में उत्पादन 11.49 लाख टन रहा था।
चीनी उत्पादन सत्र अक्टूबर से सितंबर तक चलता है और आमतौर पर गन्ने की पेराई अक्टूबर-नवंबर में शुरू होती है। महाराष्ट्र में उत्पादन तीन गुना से अधिक होकर 18.51 लाख टन पर पहुंच गया, जो एक साल पहले 5.25 लाख टन था। इस पश्चिमी राज्य में मिलों ने अन्य राज्यों की तुलना में पहले यानी आठ अक्टूबर से ही पेराई शुरू कर दी थी।
वहां 15 नवंबर तक 154 मिलें चालू थीं, जबकि एक साल पहले यह संख्या 132 थी। दूसरे सबसे बड़े उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में उत्पादन 4.25 लाख टन से गिरकर 2.10 लाख टन रह गया। वहां एक साल पहले के 88 मिलों की तुलना में 80 मिलें चालू थीं।
तीसरे सबसे बड़े उत्पादक कर्नाटक में उत्पादन लगभग स्थिर रहा और यह एक साल पहले के 1.46 लाख टन के मुकाबले 1.40 लाख टन पर था। वहां पिछले साल की 68 मिलों के मुकाबले 56 मिलें चालू थीं। इस्मा के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने बयान में कहा, चीनी सत्र स्थिर गति से आगे बढ़ रहा है।
इस साल 15 नवंबर तक 313 मिलों ने काम शुरू कर दिया है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 311 मिलें चालू थीं। उन्होंने कहा, चीनी उत्पादन 11.49 लाख टन के मुकाबले 23.59 लाख टन तक पहुंच गया है… जो मुख्य रूप से महाराष्ट्र में पेराई जल्द शुरू होने को दर्शाता है। इस्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में पेराई जोर पकड़ रही है और जल्द ही कुछ और मिलों के चालू होने की उम्मीद है।
