मुंबई में तैनात भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) का अधिकारी बताकर एक महिला को धमकाने और उससे 71 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को मध्य प्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) इकाई ने मामले की जांच के दौरान साइबर ठगी से हासिल रकम का लेन देन करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कई म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क का भी पता लगाया। ‘म्यूल’ बैंक खाता ऐसा वैध बैंक खाता होता है, जिसका इस्तेमाल अपराधी अवैध रूप से हासिल किए गए पैसे को प्राप्त करने, छिपाने और उसका अवैध लेन-देन करने के लिए करते हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में 31 वर्षीय एक महिला, अमन सोनी (28) और उसकी 30 वर्षीय बहन शामिल हैं।
आरोप है कि तीनों संगठित साइबर अपराध गिरोह का हिस्सा थे और ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को इंटरनेट के माध्यम से वीडियो कॉल आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई में तैनात आईपीएस अधिकारी बताया और दावा किया कि उसके नाम पर जारी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल धन शोधन के लिए किया जा रहा है तथा इससे करीब 6.5 करोड़ रुपये के लेनदेन हुए हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ठग ने महिला को गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत में भेजने की धमकी दी। उसने कहा कि कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसे सत्यापन के नाम पर पैसे हस्तांतरित करने होंगे। धमकी से डरकर महिला ने दो बैंक लेनदेन के जरिये 71 लाख रुपये हस्तांतरित कर दिए।
इस संबंध में आठ अक्टूबर को स्पेशल सेल थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान आईएफएसओ की टीम ने पैसों के लेनदेन का पता लगाया और ठगी की रकम प्राप्त करने तथा उसे दूसरे खातों में भेजने के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए कई बैंक खातों का पता लगाया। इसके बाद आरोपियों तक पहुंचा गया।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई जारी है।
