देश और दुनिया में रिसर्च के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले 6 वैज्ञानिकों और विद्वानों को इंफोसिस पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जाएगा। इंफोसिस साइंस फाउंडेशन ने गुरुवार को 6 अलग-अलग श्रेणियों के विजेताओं के नामों की घोषणा की। इन रिसर्चकर्ताओं ने जलवायु परिवर्तन, नई तकनीक, वायरलेस नेटवर्क, संवैधानिक कानून, जीव विज्ञान, गणित और क्वांटम तकनीक जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस पुरस्कार के तहत प्रत्येक विजेता को स्वर्ण पदक, सम्मान पत्र और 100,000 डॉलर की पुरस्कार राशि दी जाएगी। विजेताओं का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर के जाने-माने विद्वानों और विशेषज्ञों के एक पैनल ने किया है। इस साल पुरस्कार पाने वाले रिसर्चकर्ता भारत और विदेशों के प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े हैं।
अर्थशास्त्र श्रेणी में अमेरिका की प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफेसर कार्तिक शास्त्री को चुना गया है। उन्हें जलवायु परिवर्तन, तकनीकी विकास और आर्थिक गतिविधियों में होने वाले उतार-चढ़ाव पर उनके रिसर्च के लिए सम्मानित किया गया है। उनके काम से यह समझने में मदद मिलती है कि पर्यावरण में बदलाव और नई तकनीक का अर्थव्यवस्था पर किस तरह असर पड़ता है।
इंजीनियरिंग और कंप्यूटर विज्ञान श्रेणी में कार्नेगी मेलन यूनिवर्सिटी के स्वरुन कुमार को पुरस्कार मिलेगा। उन्होंने कम बिजली खर्च करने वाले वायरलेस नेटवर्क को विकसित करने की दिशा में काम किया है। उनकी तकनीक के जरिए आसपास की भौतिक दुनिया की गतिविधियों को महसूस करने और उन्हें नियंत्रित करने में वायरलेस नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा सकता है।
मानविकी और सामाजिक विज्ञान श्रेणी में गौतम भाटिया को चुना गया है। वह जिंदल ग्लोबल लॉ स्कूल में अतिथि प्रोफेसर और ऑस्ट्रेलिया की न्यू साउथ वेल्स यूनिवर्सिटी में ग्रीन फेलो हैं। उन्हें कानून, संवैधानिक अधिकारों और एक निष्पक्ष तथा समान समाज बनाने में कानून की भूमिका पर किए गए रिसर्च के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है।
जीवन विज्ञान श्रेणी में ग्लैडस्टोन इंस्टीट्यूट्स और कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, सैन फ्रांसिस्को से जुड़ी ईशा जैन को पुरस्कार मिलेगा। उन्होंने अपने रिसर्च में बताया है कि शरीर में जरूरत से ज्यादा ऑक्सीजन कुछ माइटोकॉन्ड्रियल बीमारियों में ऊतकों को नुकसान पहुंचा सकती है। साथ ही उन्होंने ऐसी संभावित उपचार विधियों पर भी काम किया है, जिनसे इन बीमारियों के इलाज में मदद मिल सकती है।
गणितीय विज्ञान श्रेणी में बेंगलुरु स्थित टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च के रिद्धिप्रतिम बसु को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें प्रायिकता सिद्धांत और सांख्यिकीय भौतिकी के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए चुना गया है। उनके रिसर्च की एक बड़ी उपलब्धि लंबे समय से अनसुलझी धीमी बंधन समस्या का समाधान करना है।
भौतिक विज्ञान श्रेणी में सिंगापुर यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड डिजाइन के मनोज कुमार जोशी को पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने नियंत्रित आयनों और प्रोग्राम किए जा सकने वाली क्वांटम मशीनों पर प्रयोग किए हैं। उनके रिसर्च से जटिल क्वांटम प्रणालियों को समझने और उनका अध्ययन करने के नए रास्ते खुलते हैं।
गौरतलब है कि इंफोसिस पुरस्कार की शुरुआत 2009 में हुई थी। इसका उद्देश्य ऐसे रिसर्चकर्ताओं को पहचान देना है, जिनका काम ज्ञान को आगे बढ़ाने के साथ समाज के लिए भी उपयोगी साबित होता है। वर्ष 2024 से फाउंडेशन ने 40 वर्ष से कम उम्र के रिसर्चकर्ताओं पर विशेष ध्यान देना शुरू किया है, ताकि युवा प्रतिभाओं को शुरुआती दौर में ही पहचान और प्रोत्साहन मिल सके।
इंफोसिस साइंस फाउंडेशन के न्यासी मंडल के अध्यक्ष श्रीनाथ बाटनी ने कहा कि इन रिसर्चकर्ताओं का काम दिखाता है कि गहराई से किया गया रिसर्च दुनिया को बेहतर तरीके से समझने और इंसानियत के सामने मौजूद बड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से रिसर्चकर्ताओं को नए सवाल उठाने, पुरानी मान्यताओं को चुनौती देने और लंबे समय तक उपयोगी योगदान देने का हौसला मिलता है।
बता दें कि इंफोसिस पुरस्कार पाने वाले कई रिसर्चकर्ताओं को आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी पहचान मिली है। इनमें नोबेल पुरस्कार पाने वाले अभिजीत बनर्जी और एस्थर डुफ्लो, फील्ड्स मेडल पाने वाले मंजुल भार्गव और अक्षय वेंकटेश शामिल हैं। इसके अलावा संजय सुब्रह्मण्यम को डैन डेविड पुरस्कार, सुनील अमृत को मैकआर्थर जीनियस अनुदान और ब्रिटिश अकादमी पुस्तक पुरस्कार तथा अशोक सेन को ब्रेकथ्रू पुरस्कार मिल चुका है। हरि बालकृष्णन को मारकोनी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
इंफोसिस पुरस्कार के कई विजेता रॉयल सोसाइटी के फेलो भी चुने गए हैं। इनमें गगनदीप कांग का नाम खास है, जो यह सम्मान पाने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। इस तरह यह पुरस्कार युवा रिसर्चकर्ताओं को आगे बढ़ाने के साथ विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
