छठ पूजा से पहले मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को विवाद खड़ा हो गया। भोजपुरी गाने बजाए जाने की आलोचना हुई और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए रेलवे की उद्घोषणा प्रणाली के इस्तेमाल पर सवाल उठाए गए। रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला सुर्खियां बना।
कुछ मराठी भाषी वर्गों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताई। शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को राज्य के सांस्कृतिक गौरव के पक्ष में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुंबई के महापौर और अन्य लोगों को भी इसी तरह का रुख अपनाना चाहिए।
राउत ने कहा कि कोई भी त्योहार मनाया जा सकता है, लेकिन इसके नाम पर महाराष्ट्र की संस्कृति पर हमला नहीं होना चाहिए। राउत ने कहा, ‘‘वे ‘जय जय महाराष्ट्र माझा’ (महाराष्ट्र गीत) या ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे गाने नहीं बजाएंगे। जो गाने बजाए जा रहे हैं, वे किसी भी नियम के दायरे में नहीं आते।
इस पर रुख स्पष्ट करने की जरूरत है।’’
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता राजू पाटिल ने सवाल किया कि महाराष्ट्र के त्योहारों और संस्कृति को प्राथमिकता देने के बजाय दूसरे राज्यों के त्योहारों के मौके पर छठ पूजा के गाने बजाने की जरूरत क्यों है। पाटिल ने पूछा, ‘‘सवाल छठ पूजा या किसी समुदाय के त्योहार का विरोध करने का नहीं है। सवाल यह है कि क्या महाराष्ट्र के त्योहारों और मराठी संस्कृति को महाराष्ट्र में वह सम्मान मिलेगा, जिसके वे हकदार हैं?’’
शिवसेना नेता नरेश म्हस्के ने कहा कि भोजपुरी गाने बजाना बंद कर दिया गया है और इस मुद्दे पर आलोचना करने की जरूरत नहीं थी।
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्य रेलवे (सीआर) के एक प्रवक्ता ने कहा कि विभिन्न अवसरों पर रेलवे स्टेशनों पर खास विषयों से जुड़े जिंगल और जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाते हैं। प्रवक्ता ने इस कदम का बचाव करते हुए कहा, “मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस सहित कुछ स्टेशनों पर छठ पूजा से पहले भोजपुरी गाने बजाए जा रहे हैं। इन स्टेशनों से त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
ये गाने यात्रियों के लिए जरूरी सूचनाओं के प्रसारण में लगने वाले समय के अलावा उपलब्ध अतिरिक्त समय में बजाए जाते हैं।”
प्रवक्ता ने इस कदम का बचाव करते हुए कहा कि यात्रियों के लिए जरूरी सूचनाओं की उद्घोषणा के लिए निर्धारित समय के अलावा जो अतिरिक्त समय मिलता है, उसी दौरान ये गाने बजाए जाते हैं। इस मुद्दे ने रेलवे स्टेशनों पर महाराष्ट्र के त्योहारों और क्षेत्रीय सांस्कृतिक परंपराओं को भी इसी तरह जगह दिए जाने को लेकर बहस छेड़ दी है। छठ पूजा चार दिन तक चलने वाला त्योहार है।
यह सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित है। इसे बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रमुखता से मनाया जाता है।
