नोएडा के एक प्राथमिक चिकित्सालय से नवजात बच्ची को कथित तौर पर अगवा किए जाने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना नौ अक्टूबर की शाम थाना फेस-दो क्षेत्र के भंगेल गांव स्थित प्राथमिक चिकित्सालय में हुई।
पुलिस प्रवक्ता सुबोध कुमार ने बताया कि बच्ची के पिता गौतम नंदन की शिकायत के अनुसार, उनकी पत्नी को प्रसव के लिए छह अक्टूबर को भंगेल स्थित प्राथमिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था जहां उसने आठ अक्टूबर को बच्ची को जन्म दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसी दौरान एक अज्ञात महिला ने सरकारी अस्पताल में बच्चे के जन्म पर ढाई हजार रुपये की सहायता राशि दिलाने का आश्वासन देकर उनकी पत्नी और मां से नजदीकी बढ़ाई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला नौ अक्टूबर की शाम फिर अस्पताल आई और वहां मौजूद नवजात की दादी को बातचीत में उलझाकर बच्ची को लेकर चली गई।
सुबोध कुमार ने बताया कि बच्ची के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और महिला की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीम गठित की गई हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी महिला नवजात बच्चों की चोरी करने वाले गिरोह से जुड़ी हो सकती है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से महिला का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
