नयी दिल्ली, छह अक्टूबर एआई आधारित ग्राहक अनुभव समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी फ्यूजन सीएक्स अगले सप्ताह की शुरुआत में अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) ला सकती है। मामले से संबंधित लोगों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आईपीओ का आकार अब 700-800 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जबकि पहले कंपनी की 1,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना थी।
कंपनी द्वारा मई, 2025 में दाखिल दस्तावेजों के मसौदे के अनुसार पहले आईपीओ का आकार 1,000 करोड़ रुपये तक था। कंपनी को दिसंबर, 2025 में आईपीओ लाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई थी। कोलकाता मुख्यालय वाली कंपनी के प्रस्तावित आईपीओ में नए इक्विटी शेयर जारी करने के साथ मौजूदा शेयरधारकों की ओर से बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी लाई जाएगी।
वर्ष 2004 में स्थापित फ्यूजन सीएक्स का 13 देशों में 40 डिलिवरी केंद्रों वाला वैश्विक नेटवर्क है। कंपनी के 13,700 से अधिक कर्मचारी 28 भाषाओं में ग्राहकों से जुड़े संवाद का समर्थन करते हैं।
