नयी दिल्ली, एक अक्टूबर इतिहास के पन्नों में दर्ज साल के 365 दिनों में से हर एक दिन का अपना खास महत्व है, क्योंकि हर तारीख किसी न किसी बड़ी घटना की साक्षी होती है। एक अक्टूबर 1953 का दिन इतिहास में आंध्र प्रदेश के स्थापना दिवस के तौर पर दर्ज है। इस दिन की अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का जिक्र करें, तो यही वह दिन है, जब 1978 में लड़कियों की विवाह योग्य आयु को 14 वर्ष से बढ़ाकर 18 वर्ष और लड़कों की विवाह योग्य आयु को 18 वर्ष से बढ़ाकर 21 वर्ष तय किया गया।
एक अक्टूबर 2024 को मैक्सिको की पहली राष्ट्रपति के रूप में क्लाउडिया शिनबाम ने पद की शपथ ली। पेशे से वैज्ञानिक और राजनीति में आई 62 वर्षीय क्लाउडिया देश के 200 से अधिक सालों की आजादी के बाद इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला बनीं। देश-दुनिया के इतिहास में एक अक्टूबर की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1574 : सिख गुरु अमर दास जी का निधन।
1847 : एनी बेसेंट का लंदन में जन्म। 1854 : भारत में डाक टिकट की शुरुआत हुई। आधा आना, एक आना, दो आना और चार आना की कीमत के डाक टिकट जारी किए गए।
इनकी छपाई कलकत्ता (अब कोलकाता) में हुई। 1928 : दक्षिण भारतीय सिनेमा के युग पुरुष माने जाने वाले शिवाजी गणेशन का तमिलनाडु के सिरकाली में जन्म। 1941 : डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के प्रयासों के बाद ब्रिटिश भारतीय सेना में महार रेजिमेंट की आधिकारिक तौर पर स्थापना की गई थी।
इससे पहले 1892 में अंग्रेजों ने महार रेजिमेंट को सेना से हटा दिया था। पुन:स्थापना के बाद इस रेजिमेंट ने द्वितीय विश्व युद्ध, 1962 के भारत-चीन युद्ध, 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध, 1971 के युद्ध और कारगिल युद्ध में बहुत बहादुरी से हिस्सा लिया। 1953 : भाषायी आधार पर आंध्र प्रदेश राज्य की स्थापना।
1958 : भारत में तौल के लिए मीट्रिक प्रणाली की शुरुआत। 1960 : नाइजीरिया ने ब्रिटेन से आजादी हासिल की। 1967 : भारत पर्यटन विकास निगम की स्थापना।
1971 : ओरलैंडो के फ्लोरिडा में वाल्ट डिज्नी वर्ल्ड रिजॉर्ट पर्यटकों के लिए खोला गया। इसमें डिज्नी के विभिन्न चरित्रों को दिलचस्प अंदाज में पेश किया गया। 1978 : बाल विवाह कानून में संशोधन।
विवाह के लिए लड़के और लड़की की न्यूनतम आयु बढ़ाकर क्रमश: 21 और 18 वर्ष की गई। 1985 : ट्यूनिस में फलस्तीन मुक्ति संगठन के मुख्यालय पर इजराइली वायु सेना के हवाई हमले में 75 से अधिक लोग मारे गए थे। 2001 : श्रीनगर में जम्मू और कश्मीर राज्य विधान सभा परिसर पर एक भीषण आत्मघाती (फिदायीन) आतंकवादी हमला हुआ था जिसमें तीन हमलावरों सहित 38 लोग मारे गए थे।
2005 : इंडोनेशिया के पर्यटन द्वीप बाली में बम विस्फोट में 26 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा घायल। 2014 : सीरिया के होम्स शहर में एक स्कूल पर हुए आत्मघाती हमले में 47 बच्चों सहित 54 लोग मारे गए। जान गंवाने वाले बच्चों की उम्र छह से नौ साल थी।
2017 : लास वेगास में 64 बरस के एक बंदूकधारी ने संगीत समारोह में गोलीबारी कर 58 लोगों की जान ली और बाद में खुद को भी गोली मार ली। 2020 : महाराष्ट्र के अहमदनगर में स्वदेश निर्मित लेज़र निर्देशित टैंक भेदी गाइडेड मिसाइल (एटीजीएम) का रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने सफल परीक्षण किया। 2022 : देश में 5जी सेवा शुरु।
2023 : स्पेन के मर्सिया शहर में एक नाइटक्लब में आग से 13 लोगों की मौत। 2024 : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके (पाथुम थानी प्रांत) में छात्रों और शिक्षकों को ले जा रही एक स्कूल बस में भीषण आग लगने से 23 लोगों की मौत। 2025 : इथियोपिया में निर्माणाधीन गिरजाघर के ढह जाने से 36 लोगों की मौत, 200 से अधिक घायल।
