Prabhasakshi
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मिलवॉकी में जी20 व्यापार मंत्रिस्तरीय बैठक से इतर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर से मुलाकात की। इस वार्ता का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को आगे बढ़ाना है। यह बैठक प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई टेलीफोनिक चर्चा के बाद आयोजित हुई।
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, एक अक्टूबर वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को मिलवॉकी में जी20 व्यापार मंत्रिस्तरीय बैठक से इतर अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर से मुलाकात की। यह बैठक भारत और अमेरिका के बीच एक “संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी” व्यापार समझौते तक पहुंचने के जारी प्रयासों का हिस्सा थी। यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन पर बातचीत कर व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।
अमेरिका की यात्रा से पहले वाणिज्य मंत्रालय ने कहा था कि गोयल अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ग्रीर के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। वाणिज्य मंत्रालय ने 28 सितंबर को जारी एक बयान में कहा था कि, “गोयल अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को आगे बढ़ाने और सात फरवरी 2026 के संयुक्त बयान के अनुरूप एक अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने के जारी प्रयासों के तहत अपने अमेरिकी समकक्ष के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे।”
फरवरी में भारत और अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिका की शुल्क नीति में हुए बदलावों के कारण इस समझौते को लेकर बातचीत जारी रही।
गोयल ने 24 सितंबर को कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता “पूरी तरह तैयार” है और इसे तब लागू किया जाएगा, जब अमेरिका भारतीय उत्पादों को अमेरिकी बाजार में अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले उचित प्रतिस्पर्धात्मक लाभ देगा। अमेरिकी बाजार में भारत के प्रमुख प्रतिस्पर्धियों में आसियान देश, चीन और बांग्लादेश शामिल हैं।
अन्य न्यूज़
