भदोही (उप्र), दो सितंबर उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) की हत्या की साजिश रचने के आरोप में दो संविदा स्वास्थ्यकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) संतोष कुमार चक ने बताया कि सीएमएस फूलचंद बिंद करीब एक महीने पहले भानिपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात हुए थे।
उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पहले कहासुनी के बाद बिंद का संविदा कर्मियों अजीत कुमार (39) और श्याम सुंदर सिंह (51) के साथ विवाद हो गया था। सीएमओ ने कहा कि बिंद ने बाद में विभागीय शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद हुई जांच में दोनों कर्मियों के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए। पुलिस ने बताया कि बिंद ने मंगलवार को शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि अजीत और श्याम ने उनकी हत्या की साजिश रची है और अपने आरोपों के समर्थन में कई ऑडियो क्लिप भी सौंपी हैं।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर भी प्रसारित एक क्लिप में दोनों को कथित तौर पर इस बारे में चर्चा करते हुए सुना जा सकता है कि जब बिंद स्वास्थ्य केंद्र से बाहर निकलें तो उन्हें सड़क हादसे में मरवा दिया जाए। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि अजीत को ऊंज थाना क्षेत्र से और श्याम को ज्ञानपुर क्षेत्र से मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया गया। कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है कि क्या इस कथित साजिश में कोई अन्य लोग भी शामिल थे।
उन्होंने कहा कि बिंद द्वारा सौंपी गई आवाज की रिकॉर्डिंग को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा और आरोपी व्यक्तियों के आवाज के नमूनों का उनसे मिलान किया जाएगा। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और संबंधित धाराएं जोड़ी जाएंगी। सीएमओ ने बताया कि दोनों संविदा कर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
