भारतीय कप्तान शुभमन गिल और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच से पूर्व रग्बी के दिग्गज खिलाड़ी केवन मेलामु से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें रग्बी टीम की विशेष जर्सी भेंट की। न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय रग्बी टीम के लिए 132 मैच खेलने वाले मेलामु ऑल ब्लैक्स (न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय रग्बी टीम) के इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं और उन्होंने टीम की कप्तानी भी की थी। मेलामु 2011 और 2015 में रग्बी विश्व कप जीतने वाली टीमों के एक प्रमुख सदस्य रहे। उन्होंने मैच शुरू होने से पहले भारत के तीनों खिलाड़ियों को विशेष जर्सी भेंट की।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक्स पर वीडियो साझा किया है जिसमें मेलामु ने कहा, ‘‘मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि आपका यहां होना हमारे लिए सम्मान की बात है। मुझे पता है कि आपके पास ढेरों जर्सी होंगी, लेकिन यह हमारे लिए ‘माना’ साझा करने का अवसर है। हमारी भाषा में ‘माना’ का अर्थ है सम्मान साझा करना और साथ ही आपके साथ ऊर्जा साझा करना।’’
भारत और न्यूजीलैंड की टीम जब मैदान पर प्रवेश कर रही थी तब स्थानीय कलाकारों ने माओरी गीत गाकर माहौल को रोमांचक बना दिया। बीसीसीआई ने मैच की तस्वीर के साथ एक्स पर लिखा, ‘‘मैच शुरू होने से पहले एक खास पल।
कप्तान शुभमन गिल, विराट कोहली और रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड रग्बी के दिग्गज केवन मेलामु से मुलाकात की। उन्हें व्यक्तिगत रग्बी जर्सी (जिसमें उनके नाम और नंबर अंकित थे) भेंट की गई।’’ श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पांच मैचों की टी20 श्रृंखला 3-2 से जीतने वाली भारतीय टीम अब पांच मैच की वनडे श्रृंखला खेल रही है। इसके बाद 19 नवंबर से दो टेस्ट मैच की श्रृंखला शुरू होगी।
