अगले साल के आरंभ में होने वाले अर्द्धकुंभ मेले को कुंभ की तर्ज पर मनाए जाने के उत्तराखंड सरकार के संकल्प के बाद साधु-संतों ने भी इस दिशा में कदम बढ़ाया है तथा इस सिलसिले में सबसे पहले मंगलवार को जूना अखाड़ा के रमता पंचों की जमात ने धूमधाम के साथ नगर प्रवेश किया। अर्द्धकुंभ में पहली बार नगर प्रवेश का अद्भुत नजारा देखने को मिला और इसी के साथ हरिद्वार अर्द्धकुंभ-2027 की धार्मिक गतिविधियों का विधिवत आरंभ हो गया। कुंभ नगरी में शाम को रमता पंचों की जमात के प्रवेश के दौरान चंडी चौक पर बैंड-बाजे, पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच संतों का भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही। जूना अखाड़े की जमात का स्वागत करने के लिए मेलाधिकारी सोनिका, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर, कुंभ के एसएसपी आयुष अग्रवाल सहित मेला पुलिस और प्रशासन के तमाम अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेम गिरि, उपाचार्य ब्रह्मनिष्ठ कपिलपुरी महाराज, प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि, वरिष्ठ अध्यक्ष उमाशंकर भारती, उपाध्यक्ष विद्यानंद सरस्वती और महामंत्री केदार पुरी सहित अखाड़े के अनेक वरिष्ठ संत एवं नागा साधु मौजूद रहे।
जूना अखाड़े के नागा संन्यासियों की जमात के नगर प्रवेश के साथ ही मेले में छावनी स्थापना, भूमि पूजन, धर्मध्वजा स्थापना और पेशवाई की तैयारियां अब गति पकड़ेंगी। जूना अखाड़े के कार्यक्रम के अनुसार, एक दिसंबर को छावनी स्थापना के लिए भूमिपूजन, 23 दिसंबर को धर्मध्वजा स्थापना और 14 जनवरी 2027 को भव्य पेशवाई निकाली जाएगी। रमता पंच अखाड़े के वरिष्ठ संतों और प्रतिनिधियों का वह समूह है, जो कुंभ सहित प्रमुख धार्मिक आयोजनों के दौरान अखाड़े की परंपराओं के अनुरूप विभिन्न स्थानों की यात्रा करता है।
कुंभ में छावनी स्थापना, धार्मिक अनुष्ठानों और परंपरागत गतिविधियों के संचालन में रमता पंचों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उनके नगर प्रवेश को कुंभ की धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत का अहम पड़ाव माना जाता है। जूना अखाड़े की जमात के प्रवेश के मौके पर मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ-2027 की तैयारियां अखाड़ों, साधु-संतों और संबंधित विभागों के समन्वय से की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि अखाड़ों की धार्मिक परंपराएं कुंभ की विशिष्ट पहचान हैं और मेला प्रशासन इन परंपराओं का सम्मान करते हुए संतों को आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सोनिका ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार कुंभ से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्थाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि हरिद्वार कुंभ को उसकी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप दिव्य और भव्य स्वरूप प्रदान किया जा सके।
हालांकि, मेलाधिकारी के अखाड़ों संतों को सभी सुविधाएं देने के दावों की आज पहले दिन ही पोल खुल गई जब चंडीघाट से नगर प्रवेश करने पर जमात के ज्यादातर रास्ते में अंधेरा छाया हुआ था और उसे अंधेरे में ही छावनी पर पंहुचना पड़ा। हरिद्वार अर्द्धकुंभ में होने वाले प्रमुख स्नान पर्वों में 14 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति, छह फरवरी 2027 को मौनी अमावस्या, 11 फरवरी 2027 को बसंत पंचमी, 20 फरवरी 2027 को माघ पूर्णिमा, छह मार्च 2027 को महाशिवरात्रि (अमृत स्नान), आठ मार्च 2027 को फाल्गुन अमावस्या (अमृत स्नान), 15 मार्च 2027 – देव डोलियों का अमृत स्नान, सात अप्रैल 2027 को नव संवत्सर, 14 अप्रैल 2027 को मेष संक्रांति (अमृत स्नान), 15 अप्रैल 2027 को श्रीराम नवमी तथा 20 अप्रैल 2027 को चैत्र पूर्णिमा का स्नान शामिल है।
डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।
