नई दिल्ली, 15 मार्च 2026। राजधानी के प्रतिष्ठित तालकटोरा स्टेडियम में आईआईटीएम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा आयोजित एक दिवसीय वार्षिक महोत्सव ‘फिएस्टा 2026’ का भव्य एवं यादगार आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट की निदेशक डॉ. रचिता राणा ने कहा कि संस्कार ही जीवन में सफलता की राह को सरल बनाते हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ श्रेष्ठ संस्कारों को भी आत्मसात करना चाहिए।

इस वर्ष फिएस्टा 2026 अपने अनूठे अंदाज़, ऊर्जा और भव्य प्रस्तुतियों के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।कार्यक्रम में प्रसिद्ध पंजाबी गायक परमीश वर्मा ने अपनी दमदार प्रस्तुति, सुरीली आवाज़ और लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित युवा दर्शक झूम उठे। भारी संख्या में छात्रों, अभिभावकों एवं दर्शकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम के उत्साह और भव्यता को कई गुना बढ़ा दिया।

फिएस्टा 2026 आईआईटीएम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की एक प्रेरणादायी एवं रचनात्मक पहल है, जो विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व को प्रदर्शित करने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर श्रीमती सीमा शर्मा (मेंबर, गवर्निंग बॉडी, आईआईटीएम), श्रीमती रोज़ी शर्मा (मेंबर, गवर्निंग बॉडी, आईआईटीएम), डॉ. रचिता राणा (निदेशक, आईआईटीएम), डॉ. मोनिका कुलश्रेष्ठ (निदेशक, आईआईएनटीएम) एवं डॉ. अंजना विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के मुख्य आकर्षण मिस्टर एंड मिस आईआईटीएम “फिएस्टा 2026” में मिस फिएस्टा 2026 का खिताब सुश्री अनमोल अरोड़ा (बीबीए द्वितीय वर्ष) ने अपने नाम किया, जबकि मिस्टर फिएस्टा 2026 का खिताब श्री वंश अरोड़ा (बीबीए तृतीय वर्ष) ने जीता।

उपविजेता वर्ग में सुश्री वाणी दत्ता (बीबीए द्वितीय वर्ष) को रनर-अप घोषित किया गया, जबकि श्री जस्करन (बीसीए) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रनर-अप स्थान प्राप्त किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ग्रुप डांस प्रतियोगिता में शहीद भगत सिंह टीम ने शानदार तालमेल, ऊर्जा और आकर्षक प्रस्तुति के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को संस्थान प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर आईआईटीएम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सभी शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने उत्साह, प्रतिभा, संस्कृति और युवा ऊर्जा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
