लास एंजिलिस, 27 जुलाई हॉलीवुड स्टूडियो यूनिवर्सल पिक्चर्स ने निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म द ओडिसी के ऑनलाइन लीक होने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी सामग्री और बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा के लिए सभी उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह फिल्म 17 जुलाई को रिलीज हुई थी। मनोरंजन समाचार वेबसाइट हॉलीवुड रिपोर्टर के अनुसार, फिल्म का लीक संस्करण शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किया गया, जिसे 50,000 से अधिक बार देखा गया।
बाद में इसे हटाया गया। यूनिवर्सल पिक्चर्स ने एक बयान में कहा, फिल्म के अनधिकृत रूप से साझा किए जाने की जानकारी मिलते ही हमने उसे हटाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी। हम कॉपीराइट उल्लंघन को गंभीरता से लेते हैं और अपनी सामग्री तथा बौद्धिक संपदा अधिकारों की रक्षा के लिए सभी उचित कानूनी उपाय करेंगे।
फिल्म द ओडिसी प्रसिद्ध ट्रॉय युद्ध के बाद यूनानी राजा ओडीसियस (मैट डेमन) की अपने घर लौटने की 10 वर्ष लंबी जोखिमभरी यात्रा पर आधारित है। प्रतिशोधी देवताओं, समुद्री राक्षसों और मायावी स्त्रियों से जूझते हुए वह अपनी पत्नी पेनेलोप (ऐन हैथवे) और पुत्र टेलीमेकस (टॉम हॉलैंड) से दोबारा मिलने का प्रयास करता है। फिल्म का निर्माण सिंकोपी इंक ने किया है और इसका वितरण यूनिवर्सल पिक्चर्स ने किया है।
इसमें जॉन बर्नथल, जॉन लेगुइज़ामो और ट्रैविस स्कॉट भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
