नयी दिल्ली, 29 जुलाई अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 10.23 प्रतिशत बढ़कर 3,649.50 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 3,310.60 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 11,673.71 करोड़ रुपये हो गई जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 9,422.18 करोड़ रुपये थी।
इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 7,078.64 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,731.88 करोड़ रुपये था। एपीएसईजेड के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अश्विनी गुप्ता ने कहा, ‘‘ सभी कारोबारी क्षेत्रों में संतुलित वृद्धि से वर्ष 2031 के लिए निर्धारित हमारे महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने का भरोसा और मजबूत हुआ है।’’
उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक एक अरब टन (1,000 एमएमटी) क्षमता हासिल करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे घरेलू क्षमता विस्तार कार्यक्रम, बढ़ते अंतरराष्ट्रीय कारोबार और तेजी से विस्तार कर रहे लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के दम पर एपीएसईजेड एक अधिक विविधीकृत, मजबूत और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी परिवहन मंच तैयार कर रही है, जो लंबे समय तक मूल्य सृजन करने में सक्षम होगा।
