भारतीय क्रिकेट के ‘वंडर ब्वॉय’ वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि एशिया कप राइजिंग स्टार्स में यूएई के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ दोहरे शतक से पहले अपने आदर्श युवराज सिंह से फोन पर 30 मिनट की बातचीत से उन्हें अपनी बल्लेबाजी की तकनीकी खामियों को दूर करके फिर से फोकस करने में मदद मिली। 15 वर्ष के सूर्यवंशी ने 53 गेंद में 204 रन बनाये जिसमें 28 छक्के और सात चौके शामिल थे। उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक और अर्धशतक जड़ा और उनकी इस पारी के दम पर भारत ने सात विकेट से जीत दर्ज की।
सूर्यवंशी ने कहा कि पिछले दो मैचों में औसत प्रदर्शन से उनका फोकस भटक गया था लेकिन युवराज सिंह से बात करने के बाद सब सही हो गया। उन्होंने बीसीसीआई द्वारा डाले गए वीडियो में कहा ,‘‘ मैने करीब आधे घंटे तक युवराज सिंह सर से बात की। उन्होंने बल्लेबाजी के बारे में बहुत कुछ बताया।
मैं कुछ चीजों को लेकर चिंतित था और मैने उनसे खुलकर बात की कि मुझे ये दिक्कत आ रही है।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ करीब आधे घंटे तक उन्होंने मुझे बहुत कुछ समझाया। उन्होंने यही कहा कि अगर मैं 20 गेंद खेल गया तो स्कोर बहुत अलग होगा। उन्होंने तकनीकी चीजों के बारे में भी बताया जिससे काफी मदद मिली।’’
सूर्यवंशी ने कहा कि विकेट बल्लेबाजों की मददगार थी और कुछ गलतियों को नहीं दोहराकर उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली।
उन्होंने कहा ,‘‘ मैने कुछ गेंदों को ध्यान से देखा और गेंद बल्ले पर आराम से आ रही थी जिसके बाद मैने अपना स्वाभाविक खेल दिखाया।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ यह आसान नहीं था। मैं अपने पिछले घरेलू मैच में भी रन नहीं बना सका था। मेरा फोकस थोड़ा हट गया था लेकिन फिर मैने अपने आदर्श युवी सर से बात की।
उन्होंने जो कुछ भी कहा, उसे ध्यान से सुना और उस पर अमल किया।’’
