डकार, नौ नवंबर युवा ओलंपिक में भारत की एकमात्र तीरंदाज गाथा खडके को सोमवार को महिला व्यक्तिगत रिकर्व अंडर-18 स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में करीबी मुकाबले के बाद हार का सामना करना पड़ा। उन्हें अमेरिका की छठी वरीयता प्राप्त यीउन व्हांग ने शूट-ऑफ में हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। पांच सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में दोनों तीरंदाजों के बीच 5-5 से बराबरी रही।
इसके बाद शूट-ऑफ में दोनों ने नौ-नौ अंक हासिल किए, लेकिन व्हांग का तीर निशाने के केंद्र के अधिक करीब लगा, जिससे उन्हें 6-5 (9-9) से जीत मिली। तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय तीरंदाज गाथा ने शानदार शुरुआत करते हुए पहला सेट 29-27 से जीता और 2-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, दूसरे सेट में दो बार आठ अंक हासिल करने के कारण वह 25-29 से हार गईं और व्हांग ने स्कोर 2-2 कर दिया।
गाथा ने तीसरे सेट में जोरदार वापसी करते हुए 29 अंक हासिल किए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी 25 अंक ही जुटा सकीं। इससे भारतीय खिलाड़ी ने 4-2 की बढ़त हासिल कर ली। चौथा सेट मुकाबले के लिहाज से निर्णायक साबित हुआ।
व्हांग ने 27 अंक जुटाए, जिसमें एक 10 अंक का निशाना भी शामिल था। वहीं गाथा 26 अंक ही हासिल कर सकीं। इसके साथ ही अमेरिकी तीरंदाज ने स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया।
पांचवें सेट में दोनों खिलाड़ियों ने 28-28 अंक हासिल किए, जिससे मुकाबला शूट-ऑफ में पहुंच गया। एक तीर के इस निर्णायक मुकाबले में दोनों ने नौ-नौ अंक लगाए, लेकिन व्हांग का तीर केंद्र के अधिक करीब होने के कारण उन्हें विजेता घोषित किया गया। इससे पहले गाथा ने बुल्गारिया की नेदा केंदरावा को सीधे सेटों में 6-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।
उन्होंने यह मुकाबला 28-27, 25-23 और 27-26 से जीता था।
