भारतीय टीम की निगाहें शनिवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के अपने दूसरे राउंड रॉबिन मुकाबले में जीत की लय जारी रखते हुए महाद्वीप में अपना दबदबा बरकरार रखने पर लगी होंगी। गत चैंपियन और तीन बार खिताब जीत चुकी भारतीय टीम ने बृहस्पतिवार को छह टीमों के इस टूर्नामेंट में मलेशिया को 4-1 से हराकर शानदार शुरुआत की। भारत ने 2016, 2023 और 2024 में इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है।
भारत और तीन बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे सफल टीमें हैं। कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई और मुख्य कोच शॉर्ड मारिन के मार्गदर्शन में भारतीय टीम 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद इस टूर्नामेंट में उतरी है जिससे उसने लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए भी अपनी जगह पक्की की थी। मारिन और उनकी टीम इस टूर्नामेंट का इस्तेमाल टीम में नए खिलाड़ियों को मौका देने और ‘बेंच स्ट्रेंथ’ मजबूत करने के लिए कर रहे हैं।
इसी रणनीति के तहत अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया और डिफेंडर इशिका चौधरी को आराम दिया गया है जबकि गोलकीपर बीचू देवी और बंसारी सोलंकी को रोटेट किया जा रहा है। भारतीय टीम ने मलेशिया के खिलाफ पहले मुकाबले में एक गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की थी। जूनियर स्तर से आगे बढ़कर सीनियर टीम में जगह बनाने वाली डिफेंडर पूजा साहू ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया।
मारिन ने पदार्पण मैच में गोल करने वाली पूजा की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘उन्होंने (पूजा) अपने पहले ही मैच में पहला गोल किया और अच्छा प्रदर्शन किया। वह भविष्य की एक बेहतरीन खिलाड़ी साबित हो सकती हैं। ’’
इस मुकाबले में भारतीय टीम को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
भारत ने सितंबर के आखिर में एशियााई खेलों के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराया था। इसके अलावा भारत ने 2024 महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भी दक्षिण कोरिया को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से मात दी थी। विश्व रैंकिंग की बात करें तो भारत सातवें स्थान पर है और टूर्नामेंट में चीन (चौथे स्थान) के बाद दूसरी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाली टीम है।
चीन मौजूदा ओलंपिक रजत पदक विजेता है। भारत ने हाल में एशियाई खेलों में चीन को भी 1-0 से हराया था। वहीं दक्षिण कोरिया विश्व रैंकिंग में भारत से काफी नीचे 17वें स्थान पर है।
ऐसे में उसे मेजबान भारत को उसके घरेलू दर्शकों के सामने हराने के लिए असाधारण प्रदर्शन करना होगा।
