संसद की विशेष बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा होने से एक दिन पहले केंद्र सरकार ने इसे पारित कराने का पूरा भरोसा जताया है। सरकार का दावा है कि उसे लोकसभा में 371 सांसदों का समर्थन हासिल है। वहीं, विपक्षी गठबंधन इंडिया को द्रमुक के अध्यक्ष एमके स्टालिन को प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक का विरोध करने के लिए मनाने में सफलता नहीं मिली।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी समेत विपक्षी गठबंधन के कई बड़े नेताओं ने एक अभूतपूर्व कदम उठाते हुए चेन्नई का दौरा किया। उनका मकसद स्टालिन को विधेयक का समर्थन नहीं करने के लिए मनाना था। हालांकि, स्टालिन पहले ही नए विधेयक का समर्थन करने का ऐलान कर चुके हैं।
स्टालिन ने विपक्षी नेताओं की अपील को ठुकरा दिया। उन्होंने साफ कहा कि द्रमुक के पास विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि विधेयक के संशोधित प्रावधानों में सभी राज्यों के लिए लोकसभा की सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव है और 2051 तक सीटों की संख्या को स्थिर रखने की बात कही गई है।
इससे तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत संसदीय हिस्सेदारी सुरक्षित रहेगी। लोकसभा में द्रमुक के 22 सांसद हैं। स्टालिन ने कहा, “अगर परिसीमन विधेयक पारित नहीं हो पाता है तो तमिलनाडु को मिलने वाली थोड़ी-बहुत सुरक्षा भी खत्म हो जाएगी।
परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी दलों ने कोई वैकल्पिक प्रस्ताव भी नहीं दिया है। ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस’ (इंडिया) के नेताओं से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, “हमारे लिए तमिलनाडु सबसे पहले है।”
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने भी सभी राज्यों में समान रूप से सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। अप्रैल में विधेयक के पुराने प्रारूप का द्रमुक के साथ विरोध करने वाली राकांपा (शप) ने उस समय संसद में नरेन्द्र मोदी सरकार को इस मामले में हार का सामना करने पर मजबूर कर दिया था।
राकांपा (शप) के लोकसभा में आठ सांसद हैं। सरकार का दावा है कि उसे लोकसभा के 371 सांसदों का समर्थन मिल चुका है। यह संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत से काफी अधिक है।
सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए लोकसभा की सीटें बढ़ाकर अधिकतम 850 करने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय करने के प्रस्ताव के लागू होने पर अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में भी 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। एससी और एसटी के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में भी महिलाओं को आरक्षण देने का प्रावधान होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार शाम को केंद्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ बैठक की।
इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और लोकसभा तथा राज्यसभा के पार्टी सांसद भी शामिल हुए। भाजपा के 30 से अधिक सांसदों और मंत्रियों के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने भी प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान चाय पर चर्चा हुई।
मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “7, लोक कल्याण मार्ग पर भाजपा संसदीय दल की कार्यकारिणी समिति के साथ शानदार बैठक हुई। विभिन्न विषयों पर उपयोगी बातचीत हुई।”
उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें प्रधानमंत्री सांसदों के साथ चाय पीते और बातचीत करते नजर आए। प्रधानमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में देश की महिलाओं को सशक्त बनाने के भाजपा व राजग के संकल्प की याद दिलाई।
उन्होंने कहा कि उनके लिए राष्ट्रीय हित सबसे ऊपर है। मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन समय की जरूरत है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जब कुछ लोगों के लिए पार्टी का हित ही सब कुछ बन जाता है और वह राष्ट्रीय हित से भी बड़ा हो जाता है, तो इसकी कीमत नारी शक्ति और देश के हित को चुकानी पड़ती है। मोदी ने कहा, ‘“हमारी आंतरिक शक्ति अजेय है। देश की आधी आबादी के सपनों और देश के भविष्य के लिए हमें इस संकल्प को पूरा करना होगा।”
उन्होंने कहा,“ महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए भाजपा और राजग का संकल्प कायम है।
हमारे लिए राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है।”
स्टालिन को मनाने की कोशिश नाकाम रहने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने तमिलनाडु के हितैषी स्टालिन से राज्य के हितों की रक्षा करने की अपील की थी। गांधी ने आरोप लगाया, “आरएसएस तमिल विरोधी संगठन है और तमिल संस्कृति की विचारधारा से नफरत करता है। इसलिए हम सभी से अपील कर रहे हैं कि भाजपा को वह करने की अनुमति न दें, जो वह चाहती है।
एक बार भाजपा लोकसभा की 850 सीटों का नया स्वरूप तय कर देगी तो भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इसके बाद तमिल संस्कृति और भाषा पर बड़े पैमाने पर हमला शुरू हो जाएगा।”
दूसरी ओर, भाजपा ने कहा कि राष्ट्रीय हित के मामलों में मोदी सरकार के लिए कुछ भी असंभव नहीं है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “भारत संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत संवैधानिक आरक्षण देने वाला पहला बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनेगा।”
इससे पहले 17 अप्रैल को संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पर मतदान हुआ था, जिसमें 298 सांसदों ने विधेयक के पक्ष में और 230 ने विरोध में वोट दिया था।
कुल 528 वोट डाले गए थे। विधेयक पारित कराने के लिए सरकार को 352 मतों की जरूरत थी, लेकिन उसे 54 वोट कम मिले थे। अप्रैल में विधेयक गिरने के बाद से राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं।
विपक्षी खेमे के 26 सांसद अब उससे अलग हो चुके हैं। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने पार्टी छोड़कर नेशनल सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में विलय कर लिया और राजग को समर्थन देने का वादा किया। वहीं, शिवसेना (उबाठा) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए।
लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अपील की है कि वह आगामी संसद सत्र में 20 बागी सांसदों को मतदान में हिस्सा लेने की अनुमति न दें। उन्होंने कहा कि इन सांसदों की अयोग्यता से जुड़ी कार्यवाही अभी लंबित है। विधेयक का कड़ा विरोध कर रही टीएमसी ने अपने सभी लोकसभा सदस्यों को व्हिप जारी किया है।
इसमें उन्हें 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से सदन में मौजूद रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया गया है। भाजपा और कांग्रेस ने भी अपने-अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने भी अपने लोकसभा सदस्यों के लिए व्हिप जारी किया है।
पार्टी के लोकसभा में तीन सदस्य हैं और वह भी इस विधेयक का विरोध कर रही है। अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल को मिलाकर राजग के पास कुल 299 सांसद हैं। उनकी पार्टी ने मंगलवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के साथ फिर से गठबंधन किया था।
राजग में भाजपा के 240 सांसद, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के 16, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के 13 और जनता दल (यूनाइटेड) के 12 सांसद हैं। इसके अलावा कुछ छोटे सहयोगी दल भी शामिल हैं। द्रमुक के 22, राकांपा (शप) के आठ, एनसीपीआई के 20 और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के चार सांसदों का समर्थन मिलने पर विधेयक के पक्ष में सांसदों की संख्या बढ़कर 353 हो जाएगी।
झारखंड में कांग्रेस और अन्य दलों के साथ सरकार चला रही झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने अभी तक विधेयक पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। इसके अलावा सात निर्दलीय सांसद भी हैं, जिनमें से दो फिलहाल जेल में हैं। अप्रैल के मुकाबले ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों की संख्या भी घट गई है।
अब गठबंधन में कांग्रेस के 98, समाजवादी पार्टी के 37, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के आठ, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के चार और शिवसेना (उबाठा) के तीन सांसद हैं। इसके अलावा वाम दलों के नौ सांसद और कुछ अन्य दलों के सांसद भी शामिल हैं। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा क्षेत्रों की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है।
इसके तहत राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। इसके अलावा, किसी राज्य की विधानसभा में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का भी प्रस्ताव है।
