नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने अमेरिका के ओहायो में एक हिंदू मंदिर पर कथित तौर पर ईंटों से हमला किए जाने के बाद शनिवार को अमेरिकी प्रशासन से हिंदू मंदिरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि अमेरिका में हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ और हमलों की बार-बार हो रही घटनाओं को अब सामान्य तोड़फोड़ मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। बंसल ने कहा कि दो अक्टूबर को ओहायो के रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम मंदिर पर कथित तौर पर ईंटें फेंकी गईं, उस समय वहां पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे और इस घटना में खिड़कियां टूट गईं।
बंसल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, अमेरिका में हिंदू मंदिरों पर बार-बार होने वाले हमलों और तोड़फोड़ को अब सामान्य तोड़फोड़ मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से हिंदू मंदिरों की सुरक्षा को गंभीरता से लेने का आग्रह करते हुए निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा प्रोटोकॉल की मांग की।
