कप्तान लक्ष्य रायचंदानी की 93 रन की शानदार पारी के दम पर भारत ने बृहस्पतिवार को यहां अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली। खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। तेज गेंदबाज ईशान सूद की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 227 रन के स्कोर पर रोक दिया।
भारत ने 36.5 ओवर में दो विकेट पर 230 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। कप्तान रायचंदानी ने 90 गेंद की पारी में 13 चौके और एक छक्का जड़ा। उन्हें आर्यवीर सहवाग (51) और छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाने वाले वीके विनीत (नाबाद 57) का अच्छा साथ मिला।
इससे पहले पाकिस्तान ने दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश को नौ विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। पाकिस्तान ने लीग चरण में भी भारत को शिकस्त दी थी। दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए रायचंदानी ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों को कोई खास मौका नहीं दिया। मोहम्मद अली की गेंद पर जोरदार पुल शॉट लगाकर 49 रन तक पहुंचे लक्ष्य ने अपनी पारी की 39वीं गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की और टीम को जीत की ओर ले जाने पर ध्यान दिया।
उन्होंने सहवाग के साथ पहले विकेट के लिए 103 गेंद में 117 और विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए 90 गेंद में 77 रन की साझेदारी कर भारत की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। लक्ष्य ने शानदार पुल और सीधे बल्ले से कई आकर्षक शॉट लगाए। दूसरी ओर, विनीत ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की।
उन्होंने 61 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और नूर अली की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़कर मैच समाप्त किया। लक्ष्य एक गैरजरूरी शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने ऑफ स्पिनर सोहेल खान की गेंद को एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से मारने की कोशिश में मोहम्मद अली को कैच दे बैठे।
तब तक हालांकि भारत जीत के बेहद करीब पहुंच चुका था। सहवाग ने भी लक्ष्य का पीछा करते हुए सधी बल्लेबाजी की। क्रीज पर समय बिताने के बाद तीन छक्के लगाकर अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाया।
नूर अली की गेंद पर चौथा छक्का जड़कर उन्होंने 56 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर आउट हो गए। इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। ईशान सूद ने 43 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
मध्य ओवरों में भारतीय स्पिनरों ने भी विपक्षी बल्लेबाजों पर शिकंजा कस दिया। अफगानिस्तान की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज नोमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने 51-51 रन बनाए, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज अपनी पारियों के दौरान तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए। इसके चलते अफगानिस्तान की टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर तक नहीं पहुंच सकी।
