नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसेन ने रविवार को कहा कि उनका देश रूस के साथ भारत के लगातार जुड़ाव को एक अतिरिक्त लाभ के रूप में देखता है, क्योंकि उसका मानना है कि नयी दिल्ली मॉस्को के साथ अपने संबंधों का इस्तेमाल करके उसे यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए मना सकती है। बेरेन्डसेन 22 -23 नवंबर के दौरान भारत की सरकारी यात्रा पर हैं। उन्होंने रविवार को यहां विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ विदेश मंत्रियों की पहली बैठक की सह-अध्यक्षता की और भारत-नीदरलैंड रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की।
भारत की रणनीतिक स्वायत्तता और मॉस्को के साथ उसके लगातार जुड़ाव से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए, बेरेन्डसेन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम समझते हैं कि भारत का अपना इतिहास है, दुनिया में उसकी अपनी भूमिका है और उसके अपने संबंध हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम असल में इसे भारत के साथ अपने संबंधों के लिए एक अतिरिक्त लाभ के रूप में देखते हैं कि भारत के रूस के साथ संबंध हैं। भारत इन संबंधों का इस्तेमाल रूस को यह समझाने के लिए कर सकता है कि उसे इस युद्ध को खत्म करना चाहिए और युद्धविराम को स्वीकार करना चाहिए।’’
रूस-यूक्रेन युद्ध अपने पांचवें वर्ष में है तथा दोनों पक्षों की ओर से हमले और तेज हो गए हैं। बेरेन्डसेन ने कहा कि व्यापारिक देशों के रूप में, भारत और नीदरलैंड की समुद्री सुरक्षा और आवागमन की स्वतंत्रता को लेकर समान चिंताएं हैं और उन्हें आज की तेजी से अनिश्चित होती दुनिया में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत है।
व्यापार के मोर्चे पर, उन्होंने प्रस्तावित भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को – जिस पर दिसंबर में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है – एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जो वस्तुओं के व्यापार से परे भी नए अवसर खोल सकता है।
