तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन ने एक जिलाधिकारी के कथित उत्पीड़न के मामले में राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को बुधवार को औपचारिक शिकायत सौंपकर कल्लाकुरिची से तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के विधायक सी. अरुल विग्नेश की तत्काल गिरफ्तारी एवं केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग की। उदयनिधि ने पुलिस महानिदेशक से मुलाकात के बाद यहां संवाददाताओं से बातचीत में अपराध पर पर्दा डालने की कथित कोशिश के लिए मुख्य सचिव एम. साई कुमार को भी मामले में आरोपी बनाने की मांग की। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता ने दावा किया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की महिला अधिकारी ने 116 दिन पहले 31 जुलाई को मुख्य सचिव से शिकायत की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य सचिव ने कार्रवाई करने के बजाय महिला अधिकारी से किसी अन्य जिले में तबादले का अनुरोध करने को कहकर मामले को दबाने की कोशिश की। उदयनिधि ने कानून-व्यवस्था विभाग का प्रभार संभालने के बावजूद कथित तौर पर ‘‘सो रहे’’ मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘मैं पूछना चाहता हूं कि क्या मुख्य सचिव ने इस मामले की जानकारी मुख्यमंत्री को दी थी। यदि नहीं दी थी तो यह बड़ी गलती है और यदि दी थी तो मुख्यमंत्री आज तक चुप क्यों हैं?’’
उन्होंने कहा कि विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने में भी 116 दिन लग गए और न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद ही कार्रवाई शुरू की गई।
मद्रास उच्च न्यायालय ने इस सप्ताह की शुरुआत में मामले पर सुनवाई की थी जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और विग्नेश को समन जारी किया। उदयनिधि ने कहा कि विपक्ष को राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पर ‘‘बिल्कुल भरोसा नहीं’’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पिछले चार महीने से आरोपी को बचाने की कोशिश कर रहा है और उसने मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि इस घटना को सबसे पहले द्रमुक सांसद एवं पार्टी की उप महासचिव कनिमोई ने जनता के सामने उजागर किया था। उन्होंने आरोप सामने आने के बाद से सोशल मीडिया पर पीड़िता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने वाले लोगों की भी आलोचना की। उदयनिधि ने डीजीपी को सौंपे गए ज्ञापन में 16 दिन पहले सामने आए मारपीट के एक अन्य मामले में विधानसभा के उपाध्यक्ष एम. रविशंकर के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी की भी मांग की।
उन्होंने दावा किया कि विधानसभा उपाध्यक्ष और शिकायतकर्ता के बीच सौहार्दपूर्ण बातचीत का एक वीडियो प्रसारित किया गया था लेकिन बाद में शिकायतकर्ता ने मीडिया को बताया कि उस पर वीडियो रिकॉर्ड कराने के लिए दबाव डाला गया था और वह मारपीट के अपने आरोप पर कायम है। उदयनिधि ने ‘‘नौकरशाहों की अब भी द्रमुक के प्रति सहानुभूति’’ होने को लेकर सत्तारूढ़ दल के समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के बारे में पूछे जाने पर सवाल किया कि क्या भारत में पहले कभी किसी विधायक पर जिलाधिकारी को अश्लील संदेश भेजने और नशे की हालत में उनके शिविर कार्यालय में हंगामा करने का आरोप लगा है? उदयनिधि ने कल्लाकुरिची जिले में द्रमुक पदाधिकारियों के खिलाफ टीवीके के जवाबी आरोपों को मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया और एक महिला अधिकारी को डराने-धमकाने के आरोपों का सामना कर रहे ऋषिवंदियम से द्रमुक विधायक वसंतम के. कार्तिकेयन का बचाव किया।
उदयनिधि ने कहा कि नाश्ता योजना के तहत काम कर रही वंचित समुदाय की एक महिला ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के खिलाफ शिकायत की थी, जिसके बाद कार्तिकेयन ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए संबंधित अधिकारी को महज फोन किया था। कल्लाकुरिची जिले की एक महिला सरकारी अधिकारी का शिकायत पत्र 18 नवंबर को सामने आया था जिसके बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया था। महिला अधिकारी ने पत्र में आरोप लगाया था कि द्रमुक विधायक ने 18 अक्टूबर को रात आठ बजकर 32 मिनट पर उन्हें फोन किया था।
विधायक ने तिरुकोइलूर पंचायत संघ में नाश्ता योजना के तहत एक विशेष महिला कर्मी की नियुक्ति के संबंध में फोन किया था। अधिकारी ने आरोप लगाया कि विधायक ने फोन पर उनसे असम्मानजनक तरीके से बात की और उन्हें धमकी दी। उदयनिधि ने आरोप लगाया कि बीडीओ ने विधायक से अभद्र तरीके से बात की थी।
उन्होंने कहा कि कार्तिकेयन ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी और विमला, भुवनेश्वरी एवं सुब्रमण्यम नामक तीन अन्य लोगों ने भी अधिकारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। द्रमुक की युवा इकाई के पदाधिकारी आशिक पर शादी के संबंध में धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर उदयनिधि ने कहा कि पार्टी की आंतरिक जांच में पता चला है कि आशिक ने करीब तीन महीने पहले इसी महिला पर अपने साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन उसकी जांच नहीं की गई। उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस उनके नियंत्रण में है।
यदि ठोस सबूत हैं तो वे (सरकार) कानून के अनुसार कार्रवाई करें।’’
