जम्मू-कश्मीर के उधमपुर स्थित उत्तरी कमान अस्पताल के चिकित्सकों ने हिमाचल प्रदेश के बर्फ से ढके इलाके में गंभीर रूप से घायल हुए सेना के एक जवान के कटे हुए हाथ को सफलतापूर्वक फिर से जोड़ दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, सेना के चिकित्सकों की एक टीम ने करीब 11 घंटे तक जटिल सर्जरी कर जवान का हाथ फिर से जोड़ने में सफलता हासिल की और उसे स्थायी रूप से अपंग होने से बचा लिया।
जवान की पहचान लांस नायक वीरपाल सिंह के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उनका हाथ शरीर से पूरी तरह अलग हो गया था। अधिकारियों ने बताया कि सेना के विमानन दल के पायलटों ने घायल जवान को दुर्गम इलाके से सुरक्षित बाहर निकाला और हवाई मार्ग से उधमपुर के कमान अस्पताल पहुंचाया, जहां तत्काल आपातकालीन उपचार शुरू किया गया।
उत्तरी कमान अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. धैर्य खेरा ने बताया कि हड्डी रोग सर्जरी टीम ने टूटी हुई हड्डी को स्थिर किया, जबकि प्लास्टिक सर्जरी टीम ने कटे हुए हाथ को दोबारा जोड़ने की जटिल प्रक्रिया पूरी की। मेजर डॉ. सुनील एनपी ने बताया कि चिकित्सा, हड्डी रोग और सर्जरी टीमों ने लंबी प्रक्रिया के दौरान टूटी हुई हड्डियों को जोड़ा और माइक्रोस्कोप की मदद से रक्त वाहिकाओं को दोबारा जोड़कर हाथ में रक्त संचार बहाल किया। उन्होंने बताया कि सर्जरी के बाद जवान के स्वास्थ्य में सुधार के उत्साहजनक संकेत दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने इस सफलता को सेना की मेडिकल कोर के समर्पण और पेशेवर विशेषज्ञता का प्रमाण बताया। सफल सर्जरी पर खुशी जताते हुए वीरपाल सिंह ने कहा, मेरा हाथ कटकर अलग हो गया था। मुझे बताया गया था कि हाथ दोबारा जोड़ने में तीन सप्ताह लगेंगे।
मैं बहुत खुश हूं कि मेरा हाथ फिर से जोड़ दिया गया है और मुझे उम्मीद है कि मैं जल्द स्वस्थ हो जाऊंगा। अधिकारियों ने कहा कि सेना के विमानन दल के पायलटों द्वारा समय पर निकासी और कमान अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा उपचार ने जवान की जान बचाने तथा उसके हाथ को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय सेना ने अपने कर्मियों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वह अपने जवानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी देखभाल एवं स्वास्थ्य के लिए समर्पित है।
