कोलंबो, चार अक्टूबर श्रीलंका की नौसेना ने उसके जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में नौ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और उनकी एक नौका भी जब्त कर ली है। आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। श्रीलंका की नौसेना द्वारा जारी बयान के मुताबिक, मछुआरों को शनिवार को जाफना के डेल्फ्ट द्वीप के दक्षिण में श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पार करने पर पकड़ा गया।
बयान में कहा गया, ‘‘अभियान के दौरान ‘एसएलएनएस समुद्रु’ ने भारतीय मछुआरों की एक नौका को जब्त किया और नौ भारतीय मछुआरों को हिरासत में ले लिया।’’
हिरासत में लिए गए मछुआरों को कांकेसंथुरई बंदरगाह ले जाया गया है, जहां उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मत्स्य पालन एवं जलीय संसाधन विभाग को सौंप दिया जाएगा। मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के द्विपक्षीय संबंधों में एक संवेदनशील विषय रहा है। तमिलनाडु और श्रीलंका के बीच स्थित पाल्क जलडमरूमध्य दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछली पकड़ने का एक प्रमुख क्षेत्र है।
अक्सर दोनों देशों के मछुआरों को अनजाने में एक-दूसरे के समुद्री क्षेत्र में प्रवेश करने के कारण गिरफ्तार कर लिया जाता है।
