एशियाई बाजारों में मजबूती और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों, वाहन एवं दूरसंचार शेयरों में लिवाली के बीच बुधवार को घरेलू बाजार उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में चढ़कर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 609 अंक चढ़कर बंद हुआ जबकि एनएसई निफ्टी में 182 अंक की तेजी रही।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 609.45 अंक यानी 0.79 प्रतिशत उछलकर 77,496.36 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,095.6 अंक तक चढ़ गया था।
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 181.95 अंक यानी 0.76 प्रतिशत बढ़कर 24,177.65 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से आईटीसी लिमिटेड, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर चढ़कर बंद हुए।
दूसरी तरफ, इंटरग्लोब एविएशन, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट देखी गई।
प्रमुख वाहन विनिर्माता मारुति सुजुकी का शेयर सकारात्मक नतीजों के बाद 2.82 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 14,679.5 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड वार्षिक शुद्ध लाभ दर्ज किया है।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का सूचकांक कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि जापान के बाजार अवकाश के कारण बंद रहे।
विश्लेषकों के अनुसार, बेहतर तिमाही नतीजों और घरेलू मांग की मजबूती ने घरेलू बाजार को भू-राजनीतिक तनाव से ध्यान हटाकर समर्थन देने का काम किया।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, कमजोर वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल के ऊंचे दाम के बावजूद निवेशकों ने गिरावट का फायदा उठाकर खरीदारी की।
वैश्विक स्तर पर ब्रेंट क्रूड 2.85 प्रतिशत बढ़कर 114.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,103.74 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,712.01 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 416.72 अंक टूटकर 76,886.91 अंक और निफ्टी 97 अंक गिरकर 23,995.70 अंक पर बंद हुए थे।
