नयी दिल्ली, आठ सितंबर विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान में होने वाले दक्षिण एशियाई महासंघ (सैफ) खेल 2027 में भारत की भागीदारी के संबंध में कोई भी फैसला खेल मंत्रालय की हाल में घोषित नीति के अनुरूप किया जाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में यह बात कही। उनसे भारत और सैफ खेलों से संबंधित कुछ खबरों के बारे में पूछा गया था।
जायसवाल ने कहा, “सैफ खेलों में भारत की भागीदारी से जुड़े सवाल पर। किसी भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट या बहुपक्षीय चैंपियनशिप में भारत की भागीदारी युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा हाल में घोषित नीति के अनुसार तय होती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह नीति सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है इसलिए कृपया उसे देख लें। ऐसे मामलों में अंतरराष्ट्रीय निकायों या खेल संगठनों के निर्देशों और विचारों के साथ-साथ हमारे खिलाड़ियों के हितों को भी ध्यान में रखा जाता है।’’
पाकिस्तान अगले साल तीन से 11 अप्रैल तक इस्लामाबाद, लाहौर और पेशावर में सैफ खेलों की मेजबानी करेगा।
ओलंपिक वेबसाइट के अनुसार दक्षिण एशिया ओलंपिक परिषद ने हाल में इस्लामाबाद में हुई बैठक में इस क्षेत्रीय बहु खेल प्रतियोगिता की तारीखों और आयोजन स्थलों को मंजूरी दी। युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय की वेबसाइट पर ‘अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रति भारत की नीति’ शीर्षक से एक दस्तावेज उपलब्ध है। नीति में कहा गया है, ‘‘भारत या विदेश में होने वाले अंतरराष्ट्रीय और बहुपक्षीय प्रतियोगिताओं के संबंध में हम अंतरराष्ट्रीय खेल निकायों की परंपराओं और अपने खिलाड़ियों के हितों से निर्देशित होते हैं।
अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए एक विश्वसनीय स्थल के रूप में भारत के उभरने को भी ध्यान में रखना प्रासंगिक है।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘इसी के अनुसार भारतीय टीमें और व्यक्तिगत खिलाड़ी उन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे, जिनमें पाकिस्तान की टीमें या खिलाड़ी भी शामिल हों। इसी तरह, भारत में आयोजित ऐसे बहुपक्षीय आयोजनों में पाकिस्तानी खिलाड़ियों और टीमों को भाग लेने की अनुमति होगी।
