केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने शुक्रवार को कहा कि शबरिमला के भगवान अयप्पा और देवी मलिकप्पुरथम्मा के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में दलित कार्यकर्ता सनी एम. कपिक्कड़ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कपिक्कड़ के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने संबंधी सवाल पर चेन्निथला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है।’’
कपिक्कड़ ने हाल में एक शिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भगवान अयप्पा और देवी मलिकप्पुरथम्मा का जिक्र करते हुए कथित तौर पर आपत्तिजनक का इस्तेमाल किया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं, शबरिमला से जुड़े स्वयंसेवी संगठनों और कार्यकर्ता राहुल ईश्वर ने बृहस्पतिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कर कपिक्कड़ के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की थी।
भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री से कथित टिप्पणी के पूरे वीडियो और उसके संदर्भ की जांच करने तथा कानूनी कार्रवाई शुरू करने का भी आग्रह किया था।
