रायपुर, नौ नवंबर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नौकरी के लिए रूस गए 38 वर्षीय एक व्यक्ति के परिजनों ने सोमवार को आरोप लगाया कि वहां उसे नशीले पदार्थों से जुड़े एक झूठे मामले में हिरासत में ले लिया गया है तथा उस पर रूसी सेना में शामिल होकर युद्ध लड़ने का दबाव डाला जा रहा है, ऐसा नहीं करने पर उसे सजा भुगतने की धमकी दी जा रही है। परिवार ने मुख्यमंत्री कार्यालय और अन्य अधिकारियों से संपर्क किया है, ताकि वे हस्तक्षेप कर उसे रिहा करा सकें और उसकी सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित कर सकें। इस माह के आरंभ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखे एक पत्र में, टिकेश्वर साहू की पत्नी मनोरमा साहू ने बताया कि उनके पति को रूस के वोल्गोग्राद में हिरासत में रखा गया है।
उन्होंने उनकी वापसी के लिए सरकार से मदद मांगी है। पत्र के अनुसार, टिकेश्वर आठ सितंबर 2026 को ‘टूरिस्ट वीजा’ पर रूस गए थे और 16 सितंबर के बाद से परिवार का उनसे संपर्क टूट गया। बाद में उन्हें पता चला कि रूसी पुलिस ने उन्हें नशीले पदार्थों से जुड़े एक गंभीर आपराधिक मामले में गिरफ्तार कर लिया है।
पत्र में कहा गया है,‘‘हमारे परिवार को ऐसी कोई जानकारी नहीं है जिससे लगे कि वह किसी नशीले पदार्थ से जुड़ी गतिविधि में शामिल थे। हमें उनकी गिरफ्तारी के हालात और इस मामले की निष्पक्षता पर गंभीर संदेह है।’’
मनोरमा ने बताया कि परिवार को चिंताजनक जानकारी मिली है कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है और लगभग 20 साल की जेल की सजा की चेतावनी दी गई है। पत्नी का आरोप है कि सबसे गंभीर बात यह है कि उन पर रूसी सेना में शामिल होने और युद्ध में हिस्सा लेने का दबाव डाला जा रहा है।
पत्र में बताया गया है कि परिवार ने रूस में एक निजी वकील नियुक्त किया है तथा उससे कानूनी सेवाओं के लिए समझौता किया है। पत्र के अनुसार परिवार वकील की फीस भी दे चुका है। इसके बावजूद उसे टिकेश्वर की सुरक्षा और कानूनी अधिकारों को लेकर बेहद चिंता है।
रायपुर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि महिला की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और राज्य के गृह विभाग को सूचित कर दिया गया है। टिकेश्वर की रिश्तेदार निधि साहू ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि टिकेश्वर पहले रायपुर की एक कंपनी में ‘सेल्स’ और ‘मार्केटिंग’ का काम करते थे तथा उनके पिता सेवानिवृत्त पुलिस प्रधान आरक्षक हैं। निधि साहू ने बताया, ‘‘उन्होंने (टिकेश्वर ने) परिवार को बताया था कि उन्हें रूस में नौकरी का ऑफर मिला है और कंपनी ने भरोसा दिलाया था कि उनकी यात्रा का पूरा इंतजाम कर दिया जाएगा।
वह टूरिस्ट वीजा पर गए थे, क्योंकि कंपनी ने वादा किया था कि बाद में इसे वर्क वीजा में बदल दिया जाएगा।’’
निधि साहू के मुताबिक टिकेश्वर 10 सितंबर को वोल्गोग्राद पहुंचे और वीडियो कॉल के जरिए अपने परिवार से लगातार बात करते रहे, लेकिन 16 सितंबर के बाद उन्होंने परिवार से संपर्क करना बंद कर दिया। निधि साहू का कहना है कि टिकेश्वर ने 22 सितंबर को अचानक वीडियो कॉल किया और रोते हुए परिवार को बताया कि उन्हें ड्रग तस्करी के एक झूठे मामले में फंसा दिया गया है। निधि सााहू ने बताया कि यह कॉल पांच मिनट से भी कम समय तक चली जिसक बाद परिवार ने यहां मौजूद रिश्तेदारों और रूस में अपने जान-पहचान वालों से मदद मांगी।
निधि साहू ने बताया कि एक रिश्तेदार, जो पहले मेडिकल की पढ़ाई के लिए रूस गए थे, उन्होंने परिवार की मदद की। निधि साहू के मुताबिक उस रिश्तेदार के जरिए वे कुछ ऐसे लोगों के संपर्क में आए, जिन्होंने टिकेश्वर के लिए एक वकील का इंतजाम किया। निधि साहू ने बताया कि शुरुआत में वकील को भी उनसे मिलने नहीं दिया गया, आखिरकार 22 या 23 अक्टूबर को वकील उनसे मिल पाए, जिसके बाद परिवार को पता चला कि टिकेश्वर की तबीयत खराब हो गई है तथा उन्हें थायराइड, उच्च रक्तचाप, गैस्ट्रिक और स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याएं हैं।
परिवार के अनुसार, टिकेश्वर ने वकील को बताया कि रूसी पुलिस उन्हें 10 से 20 साल की जेल की धमकी दे रही है या फिर रूसी सेना में शामिल होने का दबाव डाल रही है। निधि साहू ने बताया कि उन्हें यह भी पता चला है कि वोल्गोग्राद में कई विदेशी नागरिकों (जिनमें कुछ मेडिकल छात्र भी शामिल हैं) को ड्रग्स से जुड़े ऐसे ही मामलों में हिरासत में लिया गया है और उन पर भी रूसी सेना में शामिल होने का दबाव डाला जा रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि वे रूस में भारतीय दूतावास के साथ मिलकर टिकेश्वर की सुरक्षा सुनिश्चित करें और उनकी जल्द भारत वापसी में मदद करें।
इसी तरह के एक अन्य मामले में, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले की 17 वर्षीय एक लड़की ने पिछले महीने अधिकारियों से मदद मांगी थी। उसने अपने बड़े भाई को रूस से वापस लाने की गुहार लगाई थी। लड़की का आरोप है कि उसके भाई को वहां हिरासत में रखा गया है और युद्ध में शामिल होने के लिए मजबूर करने के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा है।
बिलासपुर के बिल्हा इलाके की आशी दुबे ने प्रशासन को एक आवेदन देकर अपने भाई विनीत कुमार दुबे (21) की वापसी के लिए सरकारी हस्तक्षेप की मांग की है। विनीत अक्टूबर के आरंभ में रूस गए थे।
