आईपीएल के दूसरे क्वालीफायर में पराजय के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने इस सत्र में 237 की स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाने वाले 15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह देश के लिये भी इसी तरह खेलेंगे।
सूर्यवंशी के 47 गेंद में 96 रन की मदद से रॉयल्स ने छह विकेट पर 214 रन बनाये लेकिन शुभमन गिल के शतक की मदद से गुजरात टाइटंस ने आठ गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की। सूर्यवंशी ने एलिमिनेटर में 97 रन की पारी खेली थी।
मैच के बाद पराग ने सूर्यवंशी के बारे में पूछे जाने पर कहा ,‘‘मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि वैभव किस तरह से खेला है। वह ताबड़तोड़ रन बना रहा था लेकिन मैच हालात को भांपकर खेल रहा था। उसने बेहतरीन खेला और समझ में नहीं आता कि हर बार वह ऐसा कैसे कर लेता है।’
उन्होंने कहा ,‘‘ उम्मीद है कि वह देश के लिये भी इसी तरह से खेलता रहेगा और जीत में योगदान देगा। हमारे लिये भी खेलता रहेगा और हमें दूसरा आईपीएल खिताब दिलायेगा।’’
राजस्थान ने 2008 में शेन वॉर्न की कप्तानी में पहला आईपीएल जीता था।
पराग ने यह भी कहा कि 230 . 240 का स्कोर चुनौतीपूर्ण होता।
उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे लगा था कि 214 अच्छा स्कोर है लेकिन भारी रोलर के बाद विकेट बेहतर हो गया। 230 . 240 का स्कोर बेहतर होता। हम उनके सलामी बल्लेबाजों को आउट नहीं कर सके और फिर वापसी मुश्किल थी।
