(फोटो के साथ)
लखनऊ, 21 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत में विदेशी आक्रांताओं ने सबसे पहली चोट देश के कौशल और हुनर पर की थी। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारतीय कुशल कामगारों की मांग बढ़ रही है और 21वीं सदी का भारत कौशल को सम्मान देकर ही आगे बढ़ सकता है। मोदी ने यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में अखिल भारतीय व्यवसाय परीक्षा (एआईटीटी) 2026 के राष्ट्रीय स्तर के 52 शीर्ष प्रतिभागियों को सम्मानित करने के बाद अपने संबोधन में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि जब विदेशी आक्रांता भारत आए, तब हमारा देश अपने स्वर्णिम युग के लिए आकर्षण और ईर्ष्या का केंद्र था। उन्होंने कहा, आक्रांताओं ने सबसे पहली चोट कौशल पर की। आप में से बहुत से बच्चों ने इतिहास में पढ़ा होगा कि जब कोई चीज सबसे अच्छी बन जाती थी, तब उसे बनाने वालों के अंगूठे काट लिए जाते थे, क्योंकि आक्रांताओं को पता था कि हुनर ही भारत को महान और समृद्ध बना रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आक्रांताओं की सोच थी कि भारत की शक्ति नष्ट करनी है तो उसके कारीगरों के अंगूठे काट दो, बाद में अंग्रेज आए तो उन्होंने अपना तरीका बदल लिया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने मैकाले के माध्यम से देश में ऐसी शिक्षा व्यवस्था लागू की, जिसने कौशल आधारित शिक्षा को क्लर्क बनाने तक सीमित कर दिया। मोदी ने कहा कि अंग्रेजों ने भारत में कौशल को कमजोर कर अपने देश के उद्योगों को आगे बढ़ाया।
यह गुलामी की मानसिकता थी, जिससे देश आजादी के बाद भी बाहर नहीं निकल पाया। स्वतंत्रता के बाद भी लिपिकीय सेवाओं पर जोर रहा और हुनर पीछे छूटता गया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया की कई सरकारें भारत के साथ समझौते करते समय हर साल 90 हजार से डेढ़ लाख तक कुशल लोगों की जरूरत बताती हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया आज भारत के लोगों की मांग कर रही है और उसे विश्वविद्यालयों से निकले लोगों के साथ-साथ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) से प्रशिक्षित कामगारों की भी जरूरत है। मोदी ने अभ्यर्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा, जिसके पास कौशल है, जिसके पास हुनर है, दुनिया में उसकी मांग बढ़ रही है। आने वाले 20 साल में भारत विकसित होगा।
21वीं सदी का भारत कौशल को सम्मान देकर ही आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की कौशल राजधानी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। समय बदल रहा है और अब केवल प्रमाणपत्र रखने वालों की तुलना में कुशल लोगों को अधिक सम्मान मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटीआई के विद्यार्थियों को भी उतना ही सम्मान मिलना चाहिए, जितना भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के विद्यार्थियों को मिलता है। प्रधानमंत्री ने कहा, मैंने ठान लिया है कि जितना सम्मान आईआईटी के बच्चों का होगा, उतना ही सम्मान मेरे आईटीआई के बच्चों का भी होगा। उन्होंने कहा कि आईटीआई के विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जुड़ने जा रहे हैं और उनके लिए यह दिन महत्वपूर्ण है।
मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत पश्चिम बंगाल की सुबह की यात्रा का जिक्र करते हुए की। उन्होंने कहा कि वह सुबह आईआईटी-खड़गपुर गए थे, जहां देश के पहले आईआईटी की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने पर समारोह आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा, जिस ऊर्जा, सपने और अरमान के साथ मैं आईआईटी के बच्चों के पास गया था, उसी उमंग के साथ आईटीआई के बच्चों के बीच आया हूं।
चाहे आईआईटी हो या आईटीआई, मेरे लिए सभी विद्यार्थी देश की पूंजी, ताकत और भविष्य हैं। कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) को लेकर हो रही चर्चाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जिसके पास हुनर है, उसकी आजीविका कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कागजी प्रमाणपत्र लेकर घूमने वालों की तुलना में हुनरमंद लोगों की अधिक कद्र होगी और उनके कौशल की मांग बढ़ेगी।
मोदी ने विदेशों में भारतीय कारीगरों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वह दूसरे देशों की यात्रा पर जाते हैं तो वहां के शाही परिवारों के सदस्य बताते हैं कि उनके आधुनिक और शानदार शहर भारतीय कारीगरों के परिश्रम से बने हैं। प्रधानमंत्री ने दुबई, अबू धाबी और सऊदी अरब का उदाहरण देते हुए कहा कि इन स्थानों की चमक-दमक में भारतीय कारीगरों के हुनर और मेहनत का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि वहां के शाही परिवार भारतीय कौशल की सराहना करते हैं।
प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि भारत 2027 में उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। मोदी ने कहा कि पहले भारतीय समाज की संरचना कौशल के इर्द-गिर्द ही बनी हुई थी। लखनऊ की चिकनकारी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय तक दुनिया में भारत की पहचान इसी तरह के पारंपरिक कौशल से रही है।
