सूक्ष्म पर्टिक्यूलेट मैटर (पीएम 2.5) के लंबे समय तक संपर्क में रहने से टाइप 2 मधुमेह होने का जोखिम 10 से 16 फीसदी तक बढ़ जाता है। यह जानकारी जर्नल ऑफ वैस्क्यूलर डिज़िज़ में प्रकाशित विश्लेषण से मिली है। चौदह नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस से पहले प्रकाशित ये निष्कर्ष 13 व्यवस्थित समीक्षाओं और मेटा-विश्लेषणों की व्यापक समीक्षा पर आधारित हैं।
दुनिया भर के 20 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों के आंकड़ों के विश्लेषण पर आधारित इस अध्ययन में पाया गया कि वायु प्रदूषण अब केवल हृदय और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों का कारण नहीं है, बल्कि यह शरीर की चयापचय प्रक्रिया को भी प्रभावित करता है। इसलिए हृदय और चयापचय संबंधी बीमारियों से बचाव की रणनीति में वायु प्रदूषण को भी तत्काल शामिल करने की जरूरत है। ‘एसोसिएशन बिटविन पीएम 2.5 एक्सपोज़र एंड टाइप 2 डायबिटीज एक्रॉस द कार्डियोवैस्क्यूलर-किडनी-मेटाबॉलिक (सीकेएम) कॉन्टिनम’ शीर्षक से प्रकाशित अध्ययन के सह-लेखक दिल्ली स्थित फोर्टिस सी-डॉक अस्पताल के कार्यकारी अध्यक्ष और मधुमेह एवं अंतःस्रावी रोग विभाग के निदेशक डॉ. अनूप मिश्रा हैं।
शोधकर्ताओं ने पाया कि टाइप-2 मधुमेह के नए मामलों की जांच करने वाली सात में से छह समीक्षाओं में यह सामने आया कि पीएम2.5 के लंबे समय तक संपर्क में रहने से बीमारी का खतरा 10 से 16 प्रतिशत तक बढ़ जाता है। हवा में इन कणों की मात्रा प्रति घन मीटर 10 माइक्रोग्राम बढ़ने पर यह खतरा बढ़ता है। यह संबंध एशियाई और पश्चिमी देशों की आबादी, दोनों में पाया गया।
निष्कर्षों से यह भी पता चला कि पीएम2.5 का स्तर जितना अधिक होता है, टाइप-2 मधुमेह होने का खतरा भी उतना ही बढ़ता है। पीएम2.5 का मतलब 2.5 माइक्रोमीटर से छोटे आकार के बारीक प्रदूषित कणों से है। ये कण फेफड़ों के भीतर गहराई तक पहुंच सकते हैं और सांस संबंधी समस्याओं के अलावा शरीर के अन्य अंगों को भी प्रभावित कर सकते हैं।
