देश की सबसे बड़ी डिजिटल भुगतान कंपनियों में शामिल फोनपे एक बार फिर शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। वॉलमार्ट के मालिकाना हक वाली इस कंपनी ने अपनी शुरुआती आईपीओ की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी है। कंपनी इस पेशकश के जरिए करीब 12 से 15 अरब डॉलर के बाजार मूल्य पर शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना चाहती है। बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, फोनपे वित्त वर्ष 2026-27 की चौथी तिमाही में अपना आईपीओ ला सकती है। इसके लिए कंपनी अगले 2 सप्ताह के भीतर संशोधित मसौदा दस्तावेज भी जमा कर सकती है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, फोनपे ने इस साल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय हालात और निवेशकों के कमजोर रुख को देखते हुए आईपीओ की तैयारी रोक दी थी। उस समय निवेश करने वाली कंपनियां फोनपे का मूल्यांकन 10 अरब डॉलर से अधिक करने के पक्ष में नहीं थीं। अब कंपनी ने बदले कारोबारी हालात और अपने वित्तीय प्रदर्शन को देखते हुए दोबारा बाजार में उतरने का फैसला किया है। हालांकि, फोनपे ने इस बारे में मनीकंट्रोल के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया है।
इस आईपीओ के जरिए करीब 12,000 करोड़ रुपये यानी लगभग 1.3 अरब डॉलर जुटाने की योजना है। सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी तरह मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी बेचने का प्रस्ताव होगा। यानी कंपनी नए शेयर जारी करने के बजाय पुराने निवेशकों को अपनी हिस्सेदारी बेचने का मौका देगी। इसे ऑफर फॉर सेल कहा जाता है।
फोनपे के दोबारा आईपीओ की तैयारी शुरू करने की खबर ऐसे समय आई है, जब उसकी पुरानी सहयोगी कंपनी फ्लिपकार्ट में भी बड़ा बदलाव हुआ है। वॉलमार्ट के मालिकाना हक वाली फ्लिपकार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कल्याण कृष्णमूर्ति ने करीब 10 साल तक शीर्ष पद पर रहने के बाद इस्तीफा दे दिया है। गौरतलब है कि फोनपे पहले फ्लिपकार्ट समूह का हिस्सा थी, लेकिन बाद में इसे अलग भुगतान कंपनी के रूप में स्थापित किया गया।
बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि फोनपे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। कंपनी की कुल कमाई में करीब 40 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हो रही है, जबकि कर्ज से जुड़े कारोबार में यह वृद्धि लगभग 100 प्रतिशत बताई जा रही है। एक सूत्र के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी ने शुद्ध मुनाफा भी हासिल किया है। हालांकि, कंपनी ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बेहतर कमाई और मुनाफे की संभावना से कंपनी को पहले के मुकाबले अधिक मूल्यांकन मिलने की उम्मीद है।
एक बैंकर के मुताबिक, फोनपे की कमाई सूचीबद्ध प्रतिद्वंद्वी पेटीएम से अधिक रहने की संभावना है। इसके साथ ही मुनाफे की स्थिति कंपनी के मूल्यांकन को मजबूत कर सकती है। फिलहाल पेटीएम का बाजार मूल्य करीब 11 अरब डॉलर बताया जा रहा है।
हालांकि, फोनपे के पिछले वित्तीय आंकड़े कुछ अलग तस्वीर दिखाते हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल समेकित कमाई 11 प्रतिशत बढ़कर 7,920 करोड़ रुपये रही, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 7,115 करोड़ रुपये थी। दूसरी ओर, कंपनी का शुद्ध घाटा 62 प्रतिशत बढ़कर 2,792 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 1,727 करोड़ रुपये था।
बता दें कि फोनपे देश में यूपीआई के जरिए होने वाले डिजिटल भुगतान का सबसे बड़ा मंच है। डिजिटल भुगतान बाजार में इसकी हिस्सेदारी 45 प्रतिशत से अधिक है। भुगतान सेवाओं के अलावा कंपनी शेयर बाजार में निवेश के लिए शेयर.मार्केट, कर्ज देने और बीमा पॉलिसी बेचने जैसे कारोबार में भी मौजूद है। ऐसे में आगामी आईपीओ के दौरान निवेशकों की नजर कंपनी की बढ़ती कमाई, घाटे और मुनाफे को लंबे समय तक बनाए रखने की क्षमता पर रहने वाली हैं।
