Parliament Special Session Live Updates: नवनिर्वाचित सदस्यों ने राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों के साथ राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली। उच्च सदन की बैठक शुरू होने के बाद सभापति सी पी राधाकृष्णन ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। नितिन नवीन ने हिंदी में शपथ ली। सदन में मौजूद सदस्यों ने मेजें थपथपाकर उनका स्वागत किया। नवीन उच्च सदन में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। सभापति सी पी राधाकृष्णन ने उन्हें और शपथ लेने वाले अन्य सदस्यों को बधाई दी। शपथ लेने वाले अन्य सदस्यों में असम से भाजपा के तेराश गोवाला और जोगेन मोहन, यूपीपी(एल) के प्रमोद बोरो, बिहार से राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के उपेंद्र कुशवाहा, जनता दल (यूनाइटेड) के रामनाथ ठाकुर, भाजपा के शिवेश कुमार, छत्तीसगढ़ से भाजपा की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलो देवी नेताम, हरियाणा से कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध और भाजपा के संजय भाटिया, हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस के अनुराग शर्मा, महाराष्ट्र से भाजपा के विनोद श्रीधर तावड़े, ओडिशा से भाजपा के सुजीत कुमार, तेलंगाना से कांग्रेस के डॉ अभिषेक मनु सिंघवी तथा वेम नरेन्द्र रेड्डी शामिल हैं।
