ओडिशा सरकार ने कक्षा पहली से आठवीं तक की पाठ्यपुस्तकों में एक हजार से अधिक त्रुटियां पाये जाने के बाद स्कूली विद्यार्थियों को 77.87 लाख से अधिक संशोधित पाठ्यपुस्तकें वितरित की हैं। राज्य के स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा में यह जानकारी दी। कांग्रेस विधायक सागर चरण दास के एक सवाल के लिखित जवाब में मंत्री ने कहा, ‘‘पाठ्यपुस्तकों में पाई गई त्रुटियों के आधार पर एक शुद्धिपत्र तैयार किया गया और सभी स्कूलों को भेजा गया।
इसके साथ ही शिक्षकों को निर्देश दिए गए कि कक्षाओं में पढ़ाई के दौरान त्रुटिरहित सामग्री सुनिश्चित करने के लिए इसका उपयोग कैसे किया जाए।’’
उन्होंने कहा कि संशोधित पाठ्यपुस्तकों की दोबारा छपाई और वितरण का काम फिलहाल जारी है और अब तक राज्यभर में विद्यार्थियों को 77,87,457 संशोधित पुस्तकें वितरित की जा चुकी हैं। गोंड ने बताया कि राज्य के 50,827 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कुल 39.19 लाख विद्यार्थी नामांकित हैं। अधिकारियों के अनुसार विभिन्न पाठ्यपुस्तकों में व्याकरण, टाइपिंग और वर्तनी संबंधी कुल 1,075 त्रुटियों के अलावा तथ्यों और अवधारणाओं से जुड़ी पांच गलतियां पाई गईं।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा, पाठ्यपुस्तकों की सामग्री में सुधार के लिए 661 सुझाव दिये गये। पाठ्यपुस्तकों में इन त्रुटियों को लेकर व्यापक आलोचना के बाद ओडिशा सरकार ने इन त्रुटियों को स्वीकार किया। अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने तत्कालीन निदेशक और तीन सहायक निदेशकों को निलंबित कर दिया तथा छह अन्य सहायक निदेशकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की।
मामले की जांच कर रही अपराध शाखा ने इससे पहले अध्यापक शिक्षा एवं राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (टीई एवं एससीईआरटी) के पूर्व निदेशक मनोज कुमार पाधी (57) को गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने बताया कि त्रुटिपूर्ण पाठ्यपुस्तकों के प्रकाशन और वितरण से राज्य के खजाने को लगभग 175 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
