ओटीटी मंच नेटफ्लिक्स के सह-संस्थापक और चेयरमैन रीड हेस्टिंग्स इस साल जून में अपना कार्यकाल समाप्त होने पर कंपनी के निदेशक मंडल से हट जाएंगे। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने बताया कि हेस्टिंग्स अब परोपकार कार्यों और अन्य गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने 1990 के दशक के अंत में अपने मित्र और सह-संस्थापक मार्क रैंडोल्फ से यह जिम्मेदारी संभालने के बाद 2023 तक 20 वर्षों से अधिक समय तक कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्य किया।
हेस्टिंग्स ने एक बयान में कहा, नेटफ्लिक्स में मेरा असल योगदान सिर्फ किसी एक निर्णय तक सीमित नहीं था। मैंने हमेशा ग्राहकों की खुशी को प्राथमिकता दी, अच्छी कार्य संस्कृति बनाने पर ध्यान दिया और ऐसी कंपनी बनाने की कोशिश की जो लोगों को पसंद आए और लंबे समय तक सफल रहे।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को अपने तिमाही के परिणाम जारी करने के साथ ही हेस्टिंग्स के पद छोड़ने की घोषणा की।
