गुरुग्राम, सात अक्टूबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे करने की सराहना करते हुए इसे देश और गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित यात्रा बताया। शाह ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सात अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में ‘‘स्वर्णिम और युगांतकारी’’ है। कार्यक्रम में शाह के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह और पार्टी की नवनियुक्त हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी भी मौजूद थीं।
शाह ने कहा कि मोदी के गुजरात और फिर केंद्र सरकार के प्रमुख के रूप में पच्चीस वर्ष देश के करोड़ों नागरिकों के कल्याण और भारत के गौरव के भी 25 वर्ष हैं। उन्होंने मोदी के दीर्घायु होने की कामना की। गृह मंत्री ने कहा, ‘‘हमने इस यात्रा को यादगार बनाने के लिए देश के हर जिले में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की है।’’
शाह ने, गरीब परिवार में जन्म लेने के बावजूद संघर्षों से जूझते हुए आगे बढ़ने के लिए भी मोदी की सराहना की।
उन्होंने केंद्र में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, ‘‘इन 25 वर्षों में गरीबी से मुक्ति, सुरक्षित भारत, अनुच्छेद 370 को निरस्त करना, नक्सलवाद का खात्मा, राम जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ मंदिरों का निर्माण, देश के बुनियादी ढांचे को अगले स्तर तक ले जाना और 25 करोड़ गरीब नागरिकों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाना शामिल रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब भी भारत का इतिहास लिखा जाएगा, इन 25 वर्षों को स्वर्णिम अक्षरों में अंकित किया जाएगा।’’
मोदी सात अक्टूबर 2001 से निर्वाचित प्रतिनिधि हैं। उन्होंने पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और बाद में भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया।
