बांग्लादेश क्रिकेट के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल मुशफिकुर रहीम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदाई लेने का फैसला कर लिया है। वह अगले साल इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के दौरान ढाका में अपना आखिरी मुकाबला खेलेंगे। इसके साथ ही करीब 2 दशक तक बांग्लादेश क्रिकेट की पहचान रहे इस खिलाड़ी का टेस्ट करियर समाप्त हो जाएगा। मुशफिकुर पहले ही एकदिवसीय और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
यह सीरीज आईसीसी की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा होगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने मुशफिकुर के संन्यास की जानकारी दी। तमीम और मुशफिकुर ने लंबे समय तक एक साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है। दोनों ने अपने करियर के दौरान कई उतार-चढ़ाव और यादगार पल साझा किए हैं।
तमीम इकबाल ने इस फैसले पर भावुक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुशफिकुर रहीम इंग्लैंड के खिलाफ ढाका टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए भावुक पल है, क्योंकि दोनों लगभग साथ बड़े हुए और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक जैसा सफर तय किया है। इस दौरान उन्होंने कई अनुभव साझा किए हैं।
तमीम ने आगे कहा कि मुशफिकुर ने मैदान के अंदर और बाहर बांग्लादेश क्रिकेट को बहुत कुछ दिया है। उनका योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मुशफिकुर ने अपनी जगह पहले ही इतिहास में बना ली है और वह उनके फैसले का पूरा सम्मान करते हैं।
मुशफिकुर रहीम ने 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर अपना टेस्ट पदार्पण किया था। अपने पहले मुकाबले में उन्होंने पहली पारी में 19 और दूसरी पारी में 3 रन बनाए थे। हालांकि, शुरुआती दौर के बाद उन्होंने खुद को बांग्लादेश के भरोसेमंद बल्लेबाज और विकेटकीपर के रूप में स्थापित किया। उनकी बल्लेबाजी में धैर्य, तकनीक और मुश्किल हालात में टीम को संभालने की क्षमता साफ नजर आती रही।
अपने करीब 20 साल के टेस्ट करियर में मुशफिकुर ने 108 मुकाबले खेले और 7062 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 14 शतक और 30 अर्धशतक निकले। वह टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके 14 शतक भी देश के किसी पुरुष खिलाड़ी के नाम सबसे अधिक टेस्ट शतक हैं।
गौरतलब है कि मुशफिकुर ने सिर्फ बल्लेबाजी से ही नहीं, बल्कि कप्तानी से भी बांग्लादेश क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी अगुवाई में टीम ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में अपनी पहली जीत दर्ज की थी। ये जीत बांग्लादेश क्रिकेट के इतिहास में खास जगह रखती हैं।
साल 2013 में मुशफिकुर रहीम ने टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले बांग्लादेश के पहले पुरुष बल्लेबाज बनकर इतिहास रचा था। उनका संन्यास ऐसे समय में आएगा, जब टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अगले मुकाबलों की तैयारी कर रही होगी। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ ढाका टेस्ट उनके लंबे और यादगार करियर का आखिरी अध्याय होगा।
