मध्यप्रदेश के धार जिले में सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी ‘ट्रैक्टर-ट्रॉली’ के पुल से नीचे गिर जाने से 42 वर्षीय एक कांवड़िये की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 120 किलोमीटर दूर कुक्षी थाना क्षेत्र के कदमल गांव में हुआ जहां श्रद्धालु श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर नर्मदा नदी से जल लेने के लिए ‘ट्रैक्टर ट्रॉली’ से पुराने चिखल्दा जा रहे थे। कुक्षी के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील गुप्ता ने मृतक की पहचान राजेंद्र पाटीदार के रूप में की। उन्होंने बताया कि पाटीदार को पड़ोसी बड़वानी जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ‘ट्रैक्टर-ट्रॉली’ का स्टीयरिंग फेल होना हादसे का कारण सामने आया है, जिसके बाद वाहन पुल से नीचे जा गिरा। उन्होंने बताया कि घायलों का बड़वानी जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। ट्रैक्टर के पीछे चल रहे मनोहर पाटीदार ने बताया कि वाहन में दो महिलाओं समेत 30 से अधिक लोग सवार थे।
उन्होंने कहा कि नवनिर्मित पुल पर गुजरते समय ‘ट्रैक्टर-ट्रॉली’ स्टीयरिंग फेल होने के कारण नीचे गिर गयी।
