वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को खिलाड़ियों से उत्पादों का विज्ञापन करते समय सावधानी बरतने का आग्रह किया। उन्होंने चेतावनी दी कि भ्रामक प्रचार उपभोक्ताओं को धोखा दे सकते हैं।
उपभोक्ता मामलों के विभाग ने मार्च 2023 में सोशल मीडिया मंच पर मशहूर हस्तियों और अन्य प्रभावित करने वालों के लिए दिशानिर्देश जारी किए थे। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना था कि लोग उत्पादों का प्रचार करते समय अपने फॉलोवर्स को गुमराह न करें और उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम का पालन करें।
विश्व बौद्धिक संपदा दिवस समारोह में गोयल ने कहा, चूंकि हम खेल और खिलाड़ियों की बात कर रहे हैं, इसलिए एक महत्वपूर्ण बात जिसका हमें ध्यान रखना चाहिए वह यह है कि हम जिस भी उत्पाद का विज्ञापन करें, वह सावधानीपूर्वक किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, हाल में बहुत सारे भ्रामक और शरारतपूर्ण विज्ञापन सामने आए हैं। विशेष रूप से पोषण और प्रोटीन सप्लीमेंट के क्षेत्र में, जो उपभोक्ताओं को गलत जानकारी देते हैं। इसके कारण कई सितारे या खिलाड़ी मुश्किल में भी फंसे हैं क्योंकि उन्होंने भ्रामक विज्ञापन किए या उत्पाद की मार्केटिंग करते समय उचित खुलासे नहीं किए।
