मेरठ के मवाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे और दो कारतूस बरामद किए हैं। मवाना थाना के एसएचओ देवेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मवाना थाना क्षेत्र के किशनपुर बिराना गांव में आठ और नौ नवंबर की दरमियानी रात बाबूराम पर आरोपियों ने गोलीबारी की थी। इस मामले में बाबूराम के बेटे विकास कुमार की तहरीर पर नौ नवंबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 351 और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने बृहस्पतिवार रात इस मामले में वांछित रोहित उर्फ बिरजू (34) और हर्ष उर्फ तन्नू (22) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों किशनपुर बिराना गांव के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद अदालत में पेश किया जा रहा है।
