मणिपुर के चंदेल में कथित तौर पर जिस जहरीली शराब के सेवन से कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है, उसके नमूनों को जांच के लिए कोलकाता स्थित राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला (एनएफएल) भेजा गया है। राज्य सरकार के प्रवक्ता एवं विधायक थोकचोम राधेश्याम सिंह ने रविवार को यह जानकारी दी। विधायक ने यहां एक अन्य विधायक सपम रंजन सिंह के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि एनएफएल, कोलकाता के अलावा, इंफाल स्थित फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और राज्य जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में भी नमूने भेजे गए हैं।
सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए एक उच्च-स्तरीय जांच समिति गठित की गई है। उन्होंने कहा कि समिति एक महीने के भीतर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप देगी। प्रवक्ता ने बताया कि राज्य भर में छापेमारी की जा रही है और अब तक 4,600 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।
उन्होंने जनता और सभी संबंधित पक्षों से अपील की कि वे अपना समर्थन और सहयोग दें, ताकि अधिकारी अपने कर्तव्यों का पालन सुचारु रूप से कर सकें। विधायक ने कहा कि इस घटना के सिलसिले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि मामले में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच जारी है।
उन्होंने रेखांकित किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने कहा कि सरकार कानून के किसी भी उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं करेगी। राज्य सरकार के प्रवक्ता और विधायक सपम रंजन सिंह ने बताया कि अब तक 1,130 लोगों की जांच की गई है, जिनमें से 228 लोग इस समय अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।
इनमें से 38 मरीजों का डायलिसिस चल रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकतर लोग घबराहट की वजह से जांच के लिए आए थे।
