आर्सेनल का प्रीमियर लीग फुटबाल टूर्नामेंट का खिताब जीतने का पिछले 22 साल से चला आ रहा लंबा इंतजार आखिरकार मंगलवार को मैनचेस्टर सिटी और बोर्नमाउथ के बीच मैच 1-1 से ड्रॉ छूटने के साथ ही खत्म हो गया है।
इस मैच के बराबर रहने से मिकेल आर्टेटा की टीम 2004 के बाद पहली बार प्रीमियर लीग चैंपियन बन गई। इस प्रतियोगिता में अभी एक दौर के मैच खेले जाने बाकी हैं लेकिन आर्सेनल ने 37 मैच में 82 अंक के साथ चार अंकों की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। दूसरे स्थान पर काबिज मैनचेस्टर सिटी के अब 37 मैच में 78 अंक हैं।
आर्सेनल के मिडफील्डर डेक्लन राइस ने सोशल मीडिया पर अपने और अपने साथियों के जश्न मनाते हुए एक तस्वीर पोस्ट की जिसका शीर्षक है, ‘‘मैंने आपसे कहा था न, हमने कर दिखाया।’’
मैनचेस्टर सिटी को खिताब की दौड़ में बने रहने के लिए यह मैच जीतना जरूरी था। इस तरह से पेप गार्डियोला का सिटी के साथ खिताब जीतने का आखिरी मौका भी उनके हाथ से चला गया क्योंकि इस दिग्गज कोच ने उन खबरों को खारिज नहीं किया था कि वह सत्र के अंत में क्लब छोड़ने वाले हैं।
एमिरेट्स स्टेडियम के बाहर आर्सेनल के प्रशंसकों ने जमकर जश्न मनाया, पटाखे जलाए और सड़कों पर पार्टी की। क्लब के ट्रेनिंग ग्राउंड में भी जश्न का माहौल था, जहां खिलाड़ी मैच देखने के लिए इकट्ठा हुए थे।
जूनियर क्रूपी के पहले हाफ के गोल के बाद एर्लिंग हालैंड ने स्टॉपेज टाइम में बराबरी का गोल करके मैच को रोमांचक बनाया लेकिन सिटी के पास विजयी गोल करने के लिए समय नहीं था।
आर्सेनल के पास अभी चैंपियंस लीग का खिताब जीतने का भी मौका है जिसके फाइनल में उसका सामना 30 मई को पेरिस सेंट जर्मेन से होगा।
आर्सेनल की टीम 2023 और 2024 के लगातार दो सत्र में उप विजेता रही थी। सिटी ने 2023 जबकि लिवरपूल ने 2024 में खिताब जीता था।
एक बार फिर आर्सेनल ने इस पूरे अभियान में अधिकतर समय तक बढ़त बनाए रखी और बीच में केवल दो अंकों की बढ़त रहने के बावजूद वह आखिर में खिताब हासिल करने में कामयाब रहा।
आर्सेनल की आखिरी चैंपियन टीम 2004 की ‘अजेय’ टीम थी, जिसने लीग में एक भी मैच हारे बिना खिताब जीता था। यह आर्सेनल का कुल 14वां खिताब है।
