जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच फिर मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इसी जिले में दो दिन पहले हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया था।
कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कुलगाम में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों के संयुक्त दल तथा आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है।’’
सुरक्षाबलों ने सोमवार को उमर निसार डार को मार गिराया था। वह कुलगाम में 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर हुए हमले में शामिल आतंकवादियों में से एक था। एक अन्य आतंकवादी लतीफ भट लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों की घेराबंदी से बचकर भाग गया था।
भट कश्मीर घाटी में सबसे वांछित आतंकवादियों में से एक है और घाटी में जीवित बचा एकमात्र स्थानीय आतंकवादी है। सोमवार के बाद से गोलीबारी नहीं हुई थी, लेकिन सुरक्षाबलों ने भट का पता लगाने और उसे मार गिराने के लिए मुठभेड़ स्थल के आसपास एक बड़े इलाके में व्यापक तलाश अभियान जारी रखा। बुधवार तड़के तलाश अभियान के दौरान सुरक्षाबलों का आतंकवादियों से सामना हुआ, जिसके बाद फिर गोलीबारी शुरू हो गई।
मुठभेड़ अभी जारी है। अधिकारियों के अनुसार, डार ने आतंकवादी कमांडर भट को कथित तौर पर करीब छह महीने तक पनाह दी और उसे अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि इन दोनों ने पिछले सप्ताह बुधवार को सीआरपीएफ की एक चौकी पर हमला करने से पहले इलाके की रेकी की थी।
इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। डार पहले ब्रेड बनाने का काम करता था और उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी। वह पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) में कथित तौर पर शामिल हुआ था।
इसके बमुश्किल एक सप्ताह बाद सोमवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में वह मारा गया।
