कर्नाटक में लंबे समय से प्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार सोमवार को होने की संभावना है। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के करीबी सूत्रों ने बताया कि मंत्रियों की अंतिम सूची को रविवार रात या सोमवार सुबह तक मंजूरी मिलने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई बैठक में लिया गया।
बैठक में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, मुख्यमंत्री शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, एआईसीसी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद शामिल हुए। मुख्यमंत्री के करीबी सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नेतृत्व ने मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा की और इस दौरान जाति, धर्म और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व जैसे समीकरणों को ध्यान में रखा गया। सूत्रों ने कहा, “यह तय किया गया कि संभावित उम्मीदवारों की सूची को रविवार रात या सोमवार सुबह तक अंतिम मंजूरी दे दी जाएगी।
इसके बाद सोमवार शाम को मंत्रिमंडल का विस्तार होने की संभावना है।
