नयी दिल्ली, आठ नवंबर रियल एस्टेट कंपनी कल्पतरु लिमिटेड को आवासीय मांग मजबूत बने रहने के बीच चालू वित्त वर्ष 2026-27 में 6,500 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग (प्री-सेल्स) का लक्ष्य हासिल करने का भरोसा है। यह पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले करीब 23 प्रतिशत अधिक होगा। कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) चंद्रशेखर जोगलेकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण संभावित सुस्ती की आशंकाओं के बावजूद आवासीय संपत्तियों की मांग बरकरार है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने 6,500 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा है। चालू वित्त वर्ष की पहली (अप्रैल-सितंबर) छमाही में हम इसका 40 प्रतिशत हासिल कर चुके हैं। दूसरी (अक्टूबर-मार्च) छमाही में शेष 60 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लेंगे।’’
जोगलेकर के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी की बिक्री बुकिंग लगभग स्थिर रही।
इस दौरान यह 2,587 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 2,577 करोड़ रुपये थी। उन्होंने कहा कि आमतौर पर त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने से वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में आवासीय बिक्री अधिक रहती है। ऐसे में कंपनी अपने सालाना लक्ष्य को आसानी से हासिल करने को लेकर आश्वस्त है।
वित्त वर्ष 2025-26 में कल्पतरु की बिक्री बुकिंग 5,280 करोड़ रुपये रही थी। जोगलेकर ने कहा कि कंपनी के पास एक करोड़ रुपये से लेकर 50 करोड़ रुपये तक की कीमत वाले आवासीय मकान हैं। कल्पतरु लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 70.67 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा दर्ज किया है।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 4.96 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि दूसरी तिमाही में उसकी कुल आय घटकर 479.37 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 815.66 करोड़ रुपये थी। मुंबई स्थित कल्पतरु लिमिटेड की मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) और पुणे के रियल एस्टेट बाजारों में मजबूत मौजूदगी है।
